/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/02/23-ias-transfer-in-delhi-2025-08-02-15-36-49.jpg)
बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के माहौल ने गर्मी पकड़नी शुरू कर दी है और इसी कड़ी में नीतीश कुमार सरकार ने एक बड़ा और अहम प्रशासनिक फैसला लेते हुए रविवार को राज्य के 102 प्रशासनिक पदाधिकारियों का व्यापक पैमाने पर तबादला कर दिया। इस बड़े बदलाव में बिहार प्रशासनिक सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जिनमें एक उप विकास आयुक्त, छह जिला परिवहन पदाधिकारी, चार जिला पंचायत राज पदाधिकारी और एक नगर आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रदीप कुमार झा को किशनगंज जिले का नया उप विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, जिला परिवहन पदाधिकारी के पदों पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। इसके तहत बलवीर दास को मधेपुरा, नवीन कुमार पांडेय को नवादा, अन्नु कुमारी को बांका, सुनील कुमार को जमुई और सुबीर रंजन को कटिहार का जिला परिवहन पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं रवि कुमार आर्य को डीटीओ के पद पर नियुक्ति मिली है।
पंचायती राज व्यवस्था की देखरेख करने वाले जिला पंचायत राज पदाधिकारियों के पदों पर भी नए चेहरे देखने को मिलेंगे। नई नियुक्तियों में सचिन कुमार बक्सर, आदित्य कुमार गया, स्वाति कुमारी शेखपुरा और सुनैना कुमारी सहरसा के जिला पंचायत राज पदाधिकारी बनाए गए हैं। भूमि सुधार विभाग में टेशलाल सिंह को डुमरांव (बक्सर) का भूमि सुधार उप समाहर्ता बनाया गया है जबकि उमेश कुमार भारती को मधुबनी जिले का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
राजधानी पटना में भी कई प्रमुख पदों पर बदलाव किए गए हैं। देवज्योति कुमार और आदित्य श्रीवास्तव को पटना का नगर दंडाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही, रवींद्र कुमार दिवाकर पटना के अपर समाहर्ता (आपूर्ति), सत्यप्रकाश जिला भू-अर्जन पदाधिकारी और प्रेम कांत सूर्य को पटना का अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) बनाया गया है। इन सभी नियुक्तियों और तबादलों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
Bihar news | Bihar news 2025 | Bihar News Hindi | bihar news live today | Bihar News Today | latest bihar news