/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/24/sonia-gandhi-lalu-yadav-meeting-after-cwc-meeting-patna-2025-09-24-08-29-51.jpg)
बिहार की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। कांग्रेस पार्टी ने आज पटना स्थित सदाकत आश्रम में कार्यसमिति की बैठक बुलाई है, जो आज़ादी के बाद पहली बार बिहार में हो रही है। इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे। खास बात यह है कि इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जैसे शीर्ष नेता भी शामिल होंगे, जिससे यह बैठक और भी अहम हो गई है।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यसमिति की इस अहम बैठक के बाद सोनिया गांधी की मुलाकात राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से हो सकती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सीट बंटवारे को लेकर चल रहे गतिरोध को सुलझाने में यह मुलाकात निर्णायक साबित हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस कई सीटों पर मजबूत दावेदारी कर रही है, जिस कारण राजद-कांग्रेस के बीच बातचीत अटक गई है। ऐसे में सोनिया गांधी के हस्तक्षेप से समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस की इस बैठक में करीब 160 से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इसमें पार्टी अध्यक्ष खरगे के अलावा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और अन्य वरिष्ठ नेता पहले ही पटना पहुंच चुके हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सुबह पटना पहुंचेंगे और सीधे बैठक में हिस्सा लेंगे।
कांग्रेस का मानना है कि यह बैठक बिहार की राजनीति में एक बड़ा संदेश देने वाली होगी। पार्टी को उम्मीद है कि तेलंगाना चुनाव की तरह ही पटना में आयोजित यह CWC बैठक बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए सकारात्मक माहौल बनाएगी। तेलंगाना में कांग्रेस ने सीडब्ल्यूसी बैठक के बाद चुनाव में जीत दर्ज की थी। उसी पैटर्न को अब बिहार में दोहराने की रणनीति बनाई जा रही है।
CWC Meeting Patna | sonia Gandhi | rahul gandhi | Tejashwi Yadav | तेजस्वी यादव | lalu yadav