Advertisment

आरके सिंह ने भाजपा नेताओं पर साधा निशाना, कहा- ‘सफाई दो या इस्तीफा दो’

बिहार की राजनीति में भूचाल, आरके सिंह ने भाजपा नेताओं पर गंभीर सवाल उठाए। प्रशांत किशोर के आरोपों पर सम्राट चौधरी और दिलीप जायसवाल से सफाई या इस्तीफे की मांग की।

author-image
YBN Bihar Desk
RK Singh BJP Bihar

बिहार की राजनीति में इस समय हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज कुमार सिंह उर्फ आरके सिंह ने पार्टी के भीतर उठे विवाद को लेकर खुलकर नाराजगी जताई है। प्रशांत किशोर (PK) द्वारा लगाए गए आरोपों पर चुप्पी साधे बैठे भाजपा नेताओं पर उन्होंने सीधा हमला बोला है। आरके सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और अन्य नेताओं पर जो गंभीर आरोप लगे हैं, उनका जवाब देना अब जरूरी हो गया है।

उन्होंने कहा कि अगर आरोप झूठे हैं तो इन नेताओं को सबूतों के साथ जनता के सामने सफाई देनी चाहिए, वरना उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। सिंह के मुताबिक चुप्पी साधने से पार्टी की छवि खराब हो रही है। अगर आरोप बेबुनियाद हैं तो मानहानि का केस दायर किया जाए। लेकिन इस तरह चुप रहकर सवालों से भागना भाजपा के लिए सही नहीं है।

आरके सिंह ने खासतौर पर दिलीप जायसवाल पर लगाए गए आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन पर हत्या में शामिल होने और माइनॉरिटी मेडिकल कॉलेज पर अवैध कब्जे जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस पर उन्होंने तीखे अंदाज में कहा कि अगर आपके पास सबूत हैं कि ये आरोप झूठे हैं तो जनता को बताइए। वरना चुप रहने का मतलब साफ है कि आरोपों में दम है। इससे पार्टी का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है।

इसी तरह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए सिंह बोले कि प्रशांत किशोर बार-बार कहते हैं कि वे सातवीं फेल हैं। तो सीधा-सीधा मैट्रिक और ग्रेजुएशन की डिग्री दिखा दीजिए। बात खत्म हो जाएगी। लेकिन अगर आप खामोश रहते हैं तो सरकार की साख पर हर दिन सवाल उठते रहेंगे।

Advertisment

पूर्व गृह सचिव रहे आरके सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने अशोक चौधरी और मंगल पांडेय पर लगे आरोपों का भी जिक्र किया। सिंह ने कहा कि जिनसे 200 करोड़ की संपत्ति का हिसाब मांगा गया है, वे सामने आकर जवाब दें। अगर आरोप सही हैं तो पद छोड़ दें। इससे बेहतर कोई रास्ता नहीं है।

उन्होंने चेतावनी दी कि जनता सब देख रही है और अगर भाजपा के बड़े नेता सफाई नहीं देंगे तो पार्टी का भरोसा जनता की नजरों में गिर जाएगा। आरके सिंह ने साफ कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि पार्टी में आखिर किस तरह के लोग बैठे हैं। अगर यही हाल रहा तो भाजपा का ग्राफ और गिर जाएगा।

Bihar news | Bihar news 2025 | Bihar News Hindi

Bihar News Hindi Bihar news 2025 Bihar news
Advertisment
Advertisment