/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/06/bihar-rain-2025-10-06-08-30-17.jpg)
बिहार में आसमान इन दिनों लगातार बरस रहा है और बारिश का यह दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। पिछले एक सप्ताह से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हो रही बारिश ने आम लोगों की दिनचर्या पर गहरा असर डाला है। सोमवार को भी पटना समेत सूबे के 34 जिलों में बादलों का डेरा है। कहीं हल्की फुहारें तो कहीं जोरदार बारिश हो रही है। सुपौल, अररिया और किशनगंज में हालात इतने गंभीर हैं कि मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए अति भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी पटना में सुबह से आसमान साफ है। लेकिन पहले हुई बारिश के कारण शहर की सड़कों पर जलजमाव हो गया है और लोग घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण अभी भी सक्रिय है। हालांकि, निम्न दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसका असर बना हुआ है। बीते 24 घंटों में सुपौल के सरायगढ़ भपटियाही में 385 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो इस सीजन की सबसे अधिक वर्षा है। मधुबनी, पूर्णिया और कटिहार में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई है।
रविवार को पटना समेत कई जिलों में बारिश में थोड़ी कमी आई थी, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर चला गया। सासाराम में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि गया, छपरा और मुजफ्फरपुर में तापमान थोड़ा नीचे रहा। फिलहाल राज्य की कई नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
किसानों के लिए यह बारिश अब चिंता का कारण बन गई है। खेतों में धान की फसलें जलमग्न हैं, जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है। वहीं, शहरी इलाकों में जलभराव और बिजली की समस्या ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 8 अक्टूबर से बारिश में कमी आने लगेगी और मौसम धीरे-धीरे साफ होगा। अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की वृद्धि संभव है। विभाग के अनुसार, मध्य अक्टूबर तक मानसून बिहार से विदा ले सकता है।
Bihar Weather | mausam | Aaj Ka Mausam | aaj ka mausam | mausam ka haal | mausam vibhag | Heavy Rainfall | Monsoon rainfall India