/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/25/zoXxszDhAI3W1w7xWgvQ.jpg)
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जमुई से सांसद चिराग पासवान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना कोई नई बात नहीं है। इस बार कांग्रेस की केरल इकाई ने “B से बीड़ी और B से बिहारी” जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी कर करोड़ों बिहारियों का अपमान किया है।
चिराग पासवान ने इस पोस्ट को केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे भारत की गरिमा पर चोट बताया। उन्होंने कहा कि बिहार मेहनतकश और आत्मसम्मान से जीने वाले लोगों की धरती है। यहां के लोगों को बीड़ी से जोड़ना निंदनीय और असहनीय है। चिराग ने कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान कर चुका है और अब बिहार तथा बिहारियों को निशाना बना रहा है। उन्होंने इस विवादित टिप्पणी की कड़ी भर्त्सना की और कहा कि इस तरह की सोच कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करती है।
दरअसल, हाल ही में जीएसटी सुधारों के बाद बीड़ी पर टैक्स घटाकर 18 प्रतिशत और सिगरेट-सिगार पर टैक्स बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी मुद्दे पर कांग्रेस की केरल इकाई के आधिकारिक हैंडल से एक पोस्ट आया, जिसमें “B से बीड़ी और B से बिहारी” लिखा गया। पोस्ट वायरल होते ही बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया। एनडीए के नेता लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं और इसे बिहारी स्वाभिमान से जुड़ा मुद्दा बता रहे हैं।
कांग्रेस की ओर से सफाई देते हुए कहा गया है कि यह पोस्ट पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं है और इसे हटा दिया गया है। यहां तक कि हैकिंग की आशंका भी जताई गई है। लेकिन, बिहार में सियासी माहौल गरमाने के बाद यह मामला अब चुनावी नैरेटिव का हिस्सा बन चुका है।
Chirag Paswan | Bihar Leader Chirag Paswan | Chirag Paswan Bihar | Chirag Paswan Breaking