/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/25/zoXxszDhAI3W1w7xWgvQ.jpg)
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को ध्यान में रखते हुए लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आज मुजफ्फरपुर में अपनी पांचवीं नव संकल्प महासभा करने जा रहे हैं। इससे पहले वह चार जगहों पर ऐसी सभाएं कर चुके हैं। इस बार तिरहुत और मिथिलांचल को साधने के लिए एमआईटी मैदान में महासभा का आयोजन किया गया है, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।
चिराग पासवान दोपहर दो बजे सभा को संबोधित करेंगे। पार्टी जिलाध्यक्ष चुलबुल शाही ने बताया कि इस कार्यक्रम का मकसद कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देना और विधानसभा चुनाव के लिए लोजपा की ताकत का प्रदर्शन करना है। मंच पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे, जिनमें जुमई सांसद अरुण भारती, बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, वैशाली सांसद वीणा देवी, समस्तीपुर सांसद शांभवी, खगड़िया सांसद राजेश वर्मा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मुजफ्फरपुर की 11 विधानसभा सीटों में से कांटी और गायघाट पर लोजपा (रामविलास) अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश में है। कांटी सीट वर्तमान में जदयू के खाते में है, लेकिन पिछले चुनाव में जदयू यहां तीसरे स्थान पर रही थी। दूसरी ओर गायघाट में लोजपा ने उम्मीदवार उतारा था, मगर सफलता हाथ नहीं लगी और उम्मीदवार को तीसरे पायदान से संतोष करना पड़ा। ऐसे में पार्टी अब इन दोनों सीटों को एनडीए के अंदर अपने हिस्से में लाने के लिए माहौल बना रही है।
यह महासभा केवल एक राजनीतिक रैली नहीं बल्कि आगामी चुनावी समीकरणों की दिशा तय करने वाला कदम माना जा रहा है। चिराग पासवान का मकसद उत्तर बिहार और मिथिलांचल के मतदाताओं को यह संदेश देना है कि लोजपा राज्य में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए तैयार है। विश्लेषकों का मानना है कि मुजफ्फरपुर में हो रही सभा एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर लोजपा की मोलभाव की ताकत बढ़ाने का भी प्रयास है।
सभा को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। जिला प्रशासन ने एमआईटी मैदान से लेकर दादर पुल तक दंडाधिकारियों की तैनाती की है। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात प्रबंधन का जिम्मा सौंपा है। चिराग पासवान जेड श्रेणी की सुरक्षा में आते हैं, लिहाजा सुरक्षा इंतजाम विशेष तौर पर किए गए हैं।
मुजफ्फरपुर में होने वाली यह नव संकल्प महासभा लोजपा (रामविलास) के लिए न केवल जनशक्ति प्रदर्शन का मौका है, बल्कि यह आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति और एनडीए के भीतर उसके बढ़ते महत्व की झलक भी पेश करती है।
Bihar leader Chirag Paswan | chirag paswan | Chirag Paswan Latest Speech