/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/22/nitish-kumar-vice-president-1-2025-07-22-11-22-09.jpg)
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अगला उपराष्ट्रपति बनाया जाएगा? इस सवाल पर बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनते हैं, तो यह बिहार के लिए शुभ संकेत होगा। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश जी उपराष्ट्रपति बनते हैं, तो इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है? बिहार के लिए यह गौरव की बात होगी।
सोमवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपना इस्तीफा सौंपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मंत्रिमंडल और सांसदों के सहयोग के लिए आभार जताया। इसके बाद से ही राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई कि केंद्र सरकार अब किसे नया उपराष्ट्रपति बनाएगी? कई नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम की हो रही है।
क्या नीतीश कुमार का उपराष्ट्रपति बनना संभव है?
नीतीश कुमार लंबे समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय हैं और उन्हें एक कुशल प्रशासक माना जाता है। अगर वह उपराष्ट्रपति बनते हैं, तो यह NDA के लिए एक रणनीतिक फैसला हो सकता है। हालांकि, अभी तक केंद्र सरकार या BJP की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन BJP विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल के बयान ने इस अटकल को और हवा दे दी है।
अगर नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनते हैं, तो बिहार में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। उनके जाने के बाद BJP और JDU के बीच सत्ता की नई समीकरण पर चर्चा शुरू हो जाएगी। क्या BJP कोई नया मुख्यमंत्री चुनने पर विचार करेगी, या JDU के किसी नेता को यह जिम्मेदारी दी जाएगी? यह सवाल अभी अनुत्तरित है।