प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के सीवान जिले के जसौली में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ जीप पर रोडशो करते हुए पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि जब बिहार समृद्ध होगा, तभी भारत विश्व की महाशक्ति बनेगा।
"बिहार ने जंगलराज को हटाकर विकास का रास्ता चुना"
अपने भाषण में पीएम मोदी ने एनडीए से पहले के शासनकाल को "जंगलराज" बताते हुए आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधा। "बिहार के युवाओं ने 20 साल पहले की बदहाली सिर्फ किस्सों में सुनी है। लालटेन और पंजे (RJD-Congress) के शासन ने बिहार को पलायन का प्रतीक बना दिया था," उन्होंने कहा।
"25 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को हराया, बिहार का बड़ा योगदान"
पीएम मोदी ने गरीबी उन्मूलन पर जोर देते हुए कहा, "कांग्रेस ने दशकों तक 'गरीबी हटाओ' का नारा दिया, लेकिन एनडीए सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। बिहार में पहले 50% आबादी गरीब थी, आज यह संख्या कम हुई है।" उन्होंने नीतीश सरकार के प्रयासों की सराहना की।
"बिहार के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी"
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 सालों में बिहार में 15 लाख घरों तक पानी का कनेक्शन मिला। हजारों किलोमीटर नई सड़कें मिलीं। स्टार्टअप क्रांति आई। लेकिन अभी और काम करना है। बिहार भारत के विकास का इंजन बनेगा।
"विदेश यात्रा के बाद विश्वास हुआ - भारत महाशक्ति बनेगा"
पीएम मोदी ने कहा कि हाल की विदेश यात्रा में मुझे एहसास हुआ कि भारत जल्द ही महाशक्ति बनेगा, और इसमें बिहार की अहम भूमिका होगी।