/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/26/priyanka-gandhi-in-motihari-2025-09-26-16-29-39.jpg)
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस ने राज्य की राजनीति में नई जान फूंकने की कोशिश तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को मोतिहारी पहुंचीं, जहां उन्होंने हर घर अधिकार यात्रा के तहत पहली बार बिहार में कोई जनसभा की। प्रियंका गांधी ने सभा की शुरुआत भोजपुरी अंदाज में सवाल पूछते हुए की- “का हाल बा?” और इसके बाद कहा कि अब बदलाव का समय आ गया है, बदलाव लाओ और सम्मान पाओ।
यह पहली बार है जब प्रियंका गांधी ने बिहार की धरती पर सीधे तौर पर जनता से संवाद किया है। इससे पहले वह अगस्त में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुई थीं, लेकिन शुक्रवार का कार्यक्रम कांग्रेस के लिए एक अलग संदेश देने वाला रहा।
मोतिहारी की सभा से पहले प्रियंका गांधी ने पटना में महिलाओं से संवाद किया। करीब एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं को अपनी राजनीतिक और सामाजिक ताकत पहचानने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सरकारें और पार्टियां आपको पैसे देकर वोट खरीदने की कोशिश करती हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि आपके समर्थन के बिना सत्ता की कुर्सी पाना असंभव है। प्रियंका ने कहा कि आप अपनी शक्ति को पहचानिए, अपने सम्मान को पहचानिए। सरकारें बदलने का असली हक आपके हाथों में है।
प्रियंका गांधी ने बेरोजगारी और गरीबी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार से सबसे ज्यादा पलायन होता है। यहां रोजगार के साधन न होने के कारण युवाओं और पुरुषों को दूसरे राज्यों में मजदूरी करनी पड़ती है, और घर की जिम्मेदारी महिलाओं पर आ जाती है।
महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रियंका गांधी ने कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके साथ ही राजस्थान की तर्ज पर बिहार में भी ₹25 लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य बीमा योजना लागू होगी और भूमिहीन परिवारों को जमीन दी जाएगी जिसका मालिकाना हक महिलाओं के पास होगा।
सदाकत आश्रम में आयोजित "शक्ति अधिकार" कार्यक्रम में करीब 2000 महिलाएं शामिल हुईं। इनमें मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, घरेलू कामगार, डॉक्टर, वकील जैसी विभिन्न पृष्ठभूमि की महिलाएं थीं। महिलाओं ने एक-एक कर अपनी समस्याएं प्रियंका गांधी को बताईं।
कार्यक्रम का माहौल उस समय और जीवंत हो गया जब प्रियंका गांधी ने महिलाओं के साथ मिलकर “हम होंगे कामयाब” गीत गाया और मंच पर मौजूद महिलाओं के साथ सेल्फी भी ली।
प्रियंका गांधी के इस कार्यक्रम को कांग्रेस की ओर से चुनावी अभियान की मजबूत शुरुआत माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में महिलाओं को केंद्र में रखकर कांग्रेस एक अलग चुनावी नैरेटिव गढ़ने की कोशिश कर रही है। अगर यह रणनीति कारगर रही तो 2025 के विधानसभा चुनाव में इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है।
Bihar | priyanka Gandhi | Priyanka Gandhi 2025 | Priyanka Gandhi news today