/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/22/tejashwi-yadav-navratri-wishes-2025-09-22-13-22-15.jpg)
शारदीय नवरात्रि के पहले दिन बिहार की सियासत में धार्मिक आस्था के बीच राजनीतिक संदेश भी गूंज उठा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दोनों ने बिहारवासियों को बधाई दी, लेकिन अंदाज बिल्कुल अलग रहा। जहां नीतीश कुमार ने पारंपरिक तरीके से राज्य की जनता को शांति और समृद्धि की शुभकामनाएं दीं, वहीं तेजस्वी यादव ने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला।
तेजस्वी यादव ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा है कि "हे माँ! बिहार ने पिछले 20 वर्षों में गरीबी, पलायन, भूखमरी, अपराध, भ्रष्टाचार और स्वास्थ्य की बदहाली सबकुछ सह लिया है। अब बिहार को इस दु:ख से उबारिए। जनसेवा के लिए तेजस्वी को शक्ति दीजिए ताकि हर घर समृद्धि और खुशहाली ला सके और नया बिहार बना सके।"
सिर्फ शब्दों तक ही सीमित नहीं, तेजस्वी ने एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें बिहार की तमाम समस्याओं को दर्शाया गया। वीडियो में पुल टूटने की घटनाओं, बाढ़ से तबाही, पटना में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, अपराध और बेरोजगारी की झलक दिखाई गई। इसने नवरात्रि जैसे धार्मिक अवसर को सीधा जनता की पीड़ा से जोड़ दिया।
वहीं, नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा से भक्ति, साहस और करुणा का संचार होता है और यह पर्व राज्य में सुख, शांति और समृद्धि लाएगा। लेकिन तेजस्वी यादव ने अपने संदेश के जरिए यह जताने की कोशिश की है कि बिहार की वास्तविकता इन आदर्श बातों से अलग है और मां दुर्गा से प्रार्थना ही वह माध्यम है जिससे परिवर्तन संभव हो सकता है।
Tejashwi Yadav