नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क | दिल्ली में जहां एक तरफ भाजपा सरकार 100 दिन पूरे होने पर अपने कामों के गिना कर खुशियां मना रही है। रेखा सरकार के 100 दिनों के कामों पर कार्यक्रमों पर आयोजन कर अपनी सफलताओं को गिना रही हैं, लेकिन वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सड़क पर उतर कर घेरना शुरू कर दिया है। दिल्ली की सड़को पर आप कई कार्यकर्ता प्रदर्शन करते नजर आए। महिला समृद्धि योजना 2025 के मुद्दे पर दिल्ली की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे AAP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
₹2500 प्रतिमाह के वादे पर जोरदार प्रदर्शन
दिल्ली की सत्ता में 100 दिन पूरे कर चुकी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार अब विपक्ष के निशाने पर आ गई है। शनिवार, 31 मई को आम आदमी पार्टी (AAP) ने महिला समृद्धि योजना 2025 के तहत हर महिला को ₹2500 प्रतिमाह देने के वादे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के बाहर हुआ, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं और AAP कार्यकर्ता जुटे थे।
AAP कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया
AAP नेताओं का कहना है कि सरकार ने चुनाव से पहले यह वादा किया था कि दिल्ली की हर महिला को ₹2500 की मासिक सहायता दी जाएगी, लेकिन अब 100 दिन बीत जाने के बाद भी इस योजना की शुरुआत नहीं हुई है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई AAP कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पार्टी ने आरोप लगाया कि महिला प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस ने बर्बरता की और शांतिपूर्ण विरोध को दबाने की कोशिश की।
जनता से झूठा वादा क्यों किया?
AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, "क्या दिल्ली में महिलाएं अब अपना हक भी नहीं मांग सकतीं? अगर सरकार अपना वादा निभाने के लिए तैयार नहीं थी, तो जनता से झूठा वादा क्यों किया?" मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, AAP ने चेतावनी दी है कि अगर योजना पर जल्द अमल नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।