नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
दिल्ली में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर लगातार सियासत गरमाई हुई है। अब दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसे लेकर आप सरकार पर हमला बोला है। सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल ने महिला भत्ते के सब्जबाग महिलाओं को बेंचे, लेकिन एक रुपया भी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की महिला समृद्धि योजना लागू होने वाली है, लेकिन अरविंद केजरीवाल, आतिशी से विवादित बयानबाजी करवा रहे हैं।
"केजरीवाल ने धोखा क्यों दिया?"
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली एवं पंजाब दोनों ही जगह महिलाओं को महिला सम्मान भत्ते का सपना दिखा कर गुमराह किया और 2022 में पंजाब में सरकार बनाने के साथ ही दिल्ली में नगर निगम की सत्ता पर काबिज़ हुए। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आज दिल्ली एवं पंजाब दोनों जगह महिलाएं उनसे एक ही सवाल पूछ रही हैं कि केजरीवाल ने हमें धोखा क्यों दिया।
"महिलाओं को रुपया नहीं दिया, तभी चुनाव हारे"
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जानते हैं कि 2022 के नगर निगम चुनाव से और 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले केजरीवाल ने महिला भत्ते के सब्जबाग महिलाओं को बेचे। 2024-25 का बजट पेश करते हुए केजरीवाल की तत्कालीन वित्त मंत्री आतिशी मार्लेना ने बजट में 1000 रुपए प्रति महिला की घोषणा की, पर महिलाओं को दिया एक रुपया भी नहीं और उसी के परिणाम स्वरूप हाल ही में सम्पन्न 2025 विधानसभा चुनाव बुरी तरह हारा। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि ठीक उसी तरह 2021-22 में पंजाब की महिलाओं को भत्ते का सपना दिखा कर सत्ता में आये केजरीवाल से आज राज्य की धोखा खाईं महिलाएं पूरी तरह खफा हैं और यही आज केजरीवाल की सबसे बड़ी राजनीतिक समस्या बन गई है।
"आतिशी से बयानबाजी करवा रहे केजरीवाल"
सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल जानते हैं कि दिल्ली की भाजपा सरकार 2025-26 के बजट में उचित प्रवाधान करके अपनी महिला समृद्धि योजना को लागू कर देगी जिसके बाद उनके उनके लिए पंजाब की महिलाओं को और अधिक गुमराह करना असम्भव हो जायेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में महिला सम्मान भत्ते पर जवाबदेही से बचने के लिए केजरीवाल रोज़ाना दिल्ली भाजपा की महिला समृद्धि योजना, जो दिल्ली बजट 2025-26 के बाद लागू होने को है, पर आतिशी मार्लेना आदि से विवादित ब्यानबाज़ी करवा रहे हैं।