रांची, वाईबीएन डेस्क: कांग्रेस मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित जनता दरबार में
झारखंडकी कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दरबार में कुल 85 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें जमीन विवाद, तालाबों का जीर्णोद्धार, कृषक मित्रों के बकाया, कृषि ऋण माफी, पेंशन, मुआवजा, आदि प्रमुख मुद्दे शामिल थे।
अधिकारियों पर लगाया आरोप
गुमला के विनोद खलखो ने दरबार में अपनी शिकायत रखते हुए कहा कि चैनपुर स्थित उनके पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से उनकी जमीन पर बाजार संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनके पिता फबियानुस खलखो विधायक रह चुके हैं और यह जमीन उनके दादा जोहन खलखो के नाम थी, जिन्होंने एक समय इगनिश खलखो को नौकर रखा था। जमीन से जुड़े पंजी टू में इगनिश खलखो का नाम दर्ज है, लेकिन इसमें किसी अधिकारी की स्वीकृति या तिथि नहीं है।
विवाद अदालत में है लंबित
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री तिर्की ने कहा कि विवाद अदालत में लंबित है, लेकिन जनता की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी जनता की समस्याओं को टालता है, तो उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जाए प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। जनता दरबार में लिट्टीपाड़ा, धनबाद, सरायकेला, बरहेट, रांची, पलामू, लातेहार, गढ़वा, हजारीबाग समेत कई जिलों से लोग पहुंचे। लोगों ने तालाब पुनरुद्धार, जमाबंदी, डीप बोरिंग, धान खरीद की बकाया राशि, लैंप-पैक्स चुनाव, पारिवारिक भूमि विवाद, मेधा डेयरी से जुड़ी परेशानियां, मछुआरा आयोग के गठन जैसी समस्याएं रखीं। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनता का अधिकार है कि उनकी समस्याओं का समाधान समय पर हो, और सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। Congress