अहमदाबाद,सूरत, वाईबीएन डेस्क: गुजरात पुलिस ने एक लंबे समय से फरार चल रही इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर कीर्ति पटेल को हनीट्रैप और जबरन वसूली के गंभीर आरोपों के तहत गिरफ्तार किया है। सूरत पुलिस की टीम ने बुधवार को अहमदाबाद के सरखेज इलाके से उसे गिरफ्तार किया। कीर्ति पर एक बिल्डर को हनीट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये की मांग करने का आरोप है।
इंस्टाग्राम पर उसके करीब 1.3 मिलियन फॉलोअर्स
पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि आरोपी कीर्ति पटेल की तलाश पिछले 10 महीनों से चल रही थी। हमारी तकनीकी टीम और साइबर विशेषज्ञों की मदद से हमने अहमदाबाद के सरखेज इलाके में उसकी लोकेशन ट्रैक की और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे हिरासत में लिया गया है। कीर्ति पटेल एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है और इंस्टाग्राम पर उसके करीब 1.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उसके खिलाफ 2 जून 2024 को सूरत में एक एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसमें एक स्थानीय बिल्डर को हनीट्रैप कर ब्लैकमेल करने और भारी रकम की मांग करने का आरोप लगाया गया था। इसके कुछ समय बाद सूरत की एक अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी कर दिया था। पुलिस के अनुसार पटेल की मदद करने वाले चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
जगह और पहचान बदलकर पुलिस को दे रही थी चकमा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए कीर्ति पटेल लगातार अपना ठिकाना, सिम कार्ड और फोन नंबर बदल रही थी। वह गुजरात के कई शहरों में ठिकाने बदलती रही, जिससे उसका लोकेशन ट्रैक करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। साइबर टीम ने इंस्टाग्राम से समन्वय कर उसकी ऑनलाइन गतिविधियों का विश्लेषण किया और तकनीकी सूचनाओं की मदद से अंततः उसकी लोकेशन ट्रैक की गई।
अन्य मामलों में भी जांच जारी
पुलिस ने यह भी पुष्टि की है कि कीर्ति पटेल का नाम भूमि हड़पने और जबरन वसूली से जुड़े अन्य मामलों में भी सामने आया है। अधिकारियों ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के बाद अब इन मामलों की भी विस्तृत जांच की जाएगी और उससे पूछताछ कर अन्य शिकायतों के संबंध में बयान दर्ज किए जाएंगे।