/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/07/1757250656031-2025-09-07-18-41-13.jpeg)
रांची वाईबीएन डेस्क । आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में रांची महानगर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो उपस्थित रहे। संगठन को मजबूत करने, जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने और नगर निकाय चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
सरकार पर गंभीर आरोप
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सुदेश महतो ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नगर निकाय चुनाव को लेकर गंभीर नहीं है। ओबीसी आरक्षण समाप्त कर बड़ी आबादी को अधिकार से वंचित किया गया है। पंचायत चुनाव के दौरान भी आजसू पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था और न्यायालय ने ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया लागू करने का निर्देश दिया था। लेकिन नगर निकायों में सही ढंग से प्रक्रिया पूरी करने की सरकार की इच्छाशक्ति नहीं है।
विस्थापन और कुड़मी समाज का मुद्दा
महतो ने विस्थापन मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सौ साल से खनन कार्य जारी है, तीसरी पीढ़ी भी अपने अधिकार की मांग कर रही है लेकिन सरकार आँकड़ों के सहारे लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने स्वतंत्र आयोग के गठन की मांग की। कुड़मी समाज को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की मांग पर भी चर्चा हुई। सुदेश महतो ने कहा कि यह केवल एक वर्ग की नहीं बल्कि सभी वंचित समुदायों की सामूहिक मांग है।
नए सदस्य शामिल
घर वापसी कार्यक्रम के तहत कोकर मंडल के पूर्व अध्यक्ष लाल महतो, उनकी टीम और पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रांची विश्वविद्यालय विक्की वर्मा आजसू में शामिल हुए। बैठक में केंद्रीय और महानगर पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।