/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/12/untitled-design_20250812_181627_0000-2025-08-12-18-16-47.png)
रांची वाईबीएन डेस्क: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के चुनाव आयोग और एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन को राजनीतिक नाटक करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को चुनाव आयोग और मतदाता सूची पर भरोसा नहीं है, तो पहले सत्ता की कुर्सियां छोड़ने की हिम्मत दिखाए।
सत्ता में रहकर आंदोलन करने पर सवाल
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस के पास देश में 3 मुख्यमंत्री, 99 लोकसभा सांसद, 31 राज्यसभा सांसद और 714 विधायक हैं। झारखंड में 12 विधायक और 4 मंत्री सत्ता का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने तंज कसा— “अगर चुनाव आयोग पक्षपाती है, तो इन्हीं चुनावों से जीते आपके मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक भी अवैध हैं। पहले इस्तीफा दीजिए, फिर सड़कों पर आंदोलन कीजिए।
दोहरे चरित्र पर जनता का जवाब
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस का रवैया ‘चित भी मेरी, पट भी मेरी, और खेल भी मेरा’ जैसा है। जनता इस दोहरे और ढोंगी चरित्र को समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका हिसाब करेगी।
कर्नाटक मंत्री के सवाल पर कांग्रेस की कार्रवाई
प्रतुल ने कर्नाटक के सहकारिता मंत्री केएन राजन्ना का उदाहरण देते हुए कहा कि जब उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी पर सवाल उठाया, तो कांग्रेस ने जवाब देने के बजाय उनका इस्तीफा ले लिया। यही है कांग्रेस में प्रश्न पूछने का नतीजा।