/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/18/untitled-design_20250818_191935_0000-2025-08-18-19-19-55.png)
रांची वाईबीएन डेस्क : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद राज्य सरकार ने विभागीय जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। अब स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और निबंधन विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंपी गई है। इस संबंध में मंत्रिमण्डल सचिवालय एवं निगरानी (समन्वय) विभाग की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
कैबिनेट सेक्रेट्री ने जारी किया आदेश
कैबिनेट सेक्रेट्री वंदना दादेल के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कहा गया है कि विभागों के आवंटन में आंशिक संशोधन किया गया है। आदेश में उल्लेख है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूर्व में आवंटित विभागों के अलावा अब स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और निबंधन विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हुई जिम्मेदारी
गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का हाल ही में निधन हो गया था। उनके निधन से न केवल राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ी थी बल्कि राज्य का शिक्षा विभाग भी नेतृत्वविहीन हो गया था। अब मुख्यमंत्री द्वारा सीधे इस विभाग का कार्यभार संभालने से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई अहम फैसलों में तेजी आने की उम्मीद है।
शिक्षा विभाग पर सभी की निगाहें
झारखंड का शिक्षा विभाग राज्य की सबसे अहम जिम्मेदारियों में से एक है। प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च विद्यालय स्तर तक की नीतियां, साक्षरता अभियान और विभिन्न योजनाओं का सीधा असर लाखों छात्रों और अभिभावकों पर पड़ता है। रामदास सोरेन के निधन के बाद यह विभाग संवेदनशील स्थिति में था। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा विभाग की कमान अपने हाथों में लेना एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बीच इन दोनों विभागों की चुनौतियों का सामना कैसे करते हैं और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।