/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/13/20250813_191824_0000-2025-08-13-19-18-47.png)
रामगढ़/रांची वाईबीएन डेस्क : “गुरुजी” के जीवन से ली प्रेरणा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक प्रकाश झा ने मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने स्मृति-शेष पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रकाश झा ने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन समाज में समानता, न्याय और जन-जन के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने “गुरुजी” के सादगीपूर्ण जीवन, संघर्ष और सेवा भाव को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। गांव में गूंजती रहीं स्मृतियां श्रद्धांजलि सभा के दौरान नेमरा गांव का माहौल भावुक था। गांव की गलियों में “गुरुजी” की यादें ताज़ा थीं और ग्रामीण आपस में उनके योगदान को स्मरण कर रहे थे। लोगों ने बताया कि शिबू सोरेन हमेशा गरीबों, वंचितों और किसानों की आवाज बने रहे। वे जीवनभर सामाजिक न्याय और आदिवासी-अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे। उनके निधन से गांव ही नहीं, पूरे झारखंड में गहरा शोक है।
कला, संस्कृति और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रकाश झा के आगमन पर आभार जताते हुए कहा कि उनके पिता का योगदान सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे देश में उनकी पहचान एक जननायक के रूप में थी। इस मौके पर दोनों के बीच कला, संस्कृति और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रकाश झा ने कहा कि “गुरुजी” का जीवन संदेश और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।