/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/15/20250815_111457_0000-2025-08-15-11-15-27.png)
रांची वाईबीएन डेस्क : राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 79वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित हुआ। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली। परंपरागत रूप से इस दिन मोरहाबादी में मुख्यमंत्री ध्वजारोहण करते हैं, लेकिन इस वर्ष मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म में व्यस्त रहे। उन्होंने राज्यपाल से मुख्य समारोह में ध्वजारोहण का आग्रह किया था। उपराजधानी दुमका में इस बार राज्यपाल की जगह प्रमंडलीय आयुक्त ने झंडा फहराया।
कानून-व्यवस्था में सुधार और नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि समग्र विकास के लिए शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण जरूरी है। नक्सलवाद, आतंकवाद, भू-माफिया और अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। अब तक 197 नक्सली गिरफ्तार, 17 मारे गए और 10 ने आत्मसमर्पण किया है।
किसानों को राहत और कृषि क्षेत्र में निवेश
उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था में किसानों की भूमिका अहम है। लगभग पाँच लाख किसानों का 2,300 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया है। किसान समृद्धि योजना के तहत सौर ऊर्जा पंपसेट 90% अनुदान पर दिए जा रहे हैं, जिससे उत्पादन लागत घटे और आय बढ़े।
रोजगार सृजन और कौशल विकास पर जोर
राज्यपाल ने बताया कि 'मुख्यमंत्री श्रमिक योजना' के तहत 1.21 लाख परिवारों को जॉब कार्ड देकर 35 लाख मानव-दिवस का सृजन किया गया है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकारी पदों की भर्ती के साथ-साथ लघु उद्योग और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए रिम्स-2 का निर्माण
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पीपीपी मोड में नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। साथ ही लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से सुपर स्पेशियलिटी रिम्स-2 का निर्माण किया जाएगा। 'मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य योजना' के तहत गरीब परिवारों को 15 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध है।
भूमि प्रबंधन में पारदर्शिता
दाखिल-खारिज प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए भूमि का जियो-टैगिंग शुरू किया गया है। रेवेन्यू कोर्ट केस मैनेजमेंट सिस्टम को झारभूमि सॉफ्टवेयर से जोड़ा गया है, जिससे विवाद निपटान में तेजी आएगी
महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
'मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना' के तहत 51 लाख से अधिक महिलाओं को हर माह 2,500 रुपये की सहायता दी जा रही है। राज्यपाल ने कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत बनता है।