/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/07/1757247045427-2025-09-07-17-41-06.jpg)
रांची, वाईबीएन डेस्क: झारखंड की सियासत में घुसपैठियों का मुद्दा एक बार फिर गर्मा गया है। प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि “जो झारखंड में घुसपैठियों की बात करेगा, उस भाजपा की हम कब्र खोद देंगे।” इस बात को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर बीजेपी सांसद संबित पात्रा वरिष्ठ मंत्री इरफान अंसारी पर जमकर बरसे.
भाजपा पर इरफान अंसारी का तीखा वार
वरिष्ठ मंत्री ने भाजपा पर अल्पसंख्यक विरोधी राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। भाजपा के नेताओं का असली मकसद विकास नहीं, बल्कि धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटना है।
घुसपैठ का मुद्दा बना राजनीति का केंद्र
झारखंड की राजनीति में घुसपैठ का विषय लंबे समय से एक संवेदनशील मुद्दा रहा है। विपक्ष लगातार राज्य सरकार पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाता रहा है। वहीं, सत्ता पक्ष भाजपा पर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का आरोप जड़ता है। इरफान अंसारी के ताजा बयान ने इस बहस को और तेज कर दिया है।
सियासी टकराव और गहराएगा
इरफान अंसारी के बयान के बाद भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आना तय माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में घुसपैठ और सुरक्षा का मुद्दा झारखंड की सियासत में बड़ा चुनावी हथियार बन सकता है।