/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/07/1757249659274-2025-09-07-18-24-36.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर कांग्रेस ने कड़ा पलटवार किया है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा अपराधियों को सामाजिक कार्यकर्ता बताकर जनता को गुमराह कर रही है। वहीं भाजपा नेताओं पर खुद भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं और वे नैतिकता का पाठ पढ़ाने चले हैं।
सूर्या हांसदा पर कांग्रेस का बयान
राकेश सिन्हा ने कहा कि सूर्या हांसदा पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और उनका एनकाउंटर पूरी तरह पुलिस की कार्रवाई का हिस्सा था। इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश भाजपा कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान अपराधियों का मनोबल बढ़ाएंगे और क़ानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करेंगे।
भाजपा को बताया विकास विरोधी
रिम्स-2 को लेकर भाजपा के आरोपों पर सिन्हा ने कहा कि यह अभी केवल परिकल्पना के स्तर पर है। भाजपा इसे लेकर "विधवा विलाप" कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने शासनकाल में राज्य को लूटने वाली भाजपा को अब विकास पच नहीं रहा है। सत्ता में रहते हुए भाजपा ने विकास का असली मतलब कभी नहीं समझा।
गठबंधन सरकार को बदनाम करने की कोशिश
सिन्हा ने कहा कि लाख कोशिशों के बावजूद भाजपा गठबंधन सरकार को हिला नहीं पाई। अब बेबुनियाद आरोप लगाकर सरकार को बदनाम करने की नापाक कोशिश की जा रही है। उन्होंने भाजपा को "विकास विरोधी" करार दिया।