/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/07/1757251631030-2025-09-07-18-57-29.jpeg)
रांची वाईबीएन डेस्क: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर हुई भाजपा को आज भी समानांतर सरकार चलाने का भ्रम हो गया है। हर मुद्दे पर भ्रम फैलाना और जनता को गुमराह करना ही भाजपा का एजेंडा है।
सूर्या हांसदा प्रकरण पर प्रतिक्रिया
विनोद पांडेय ने कहा कि सूर्या हांसदा मामले में भाजपा राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जो आदिवासी समाज का सीधा अपमान है। उन्होंने कहा कि झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू पहले ही सूर्या के आपराधिक जीवन का पूरा विवरण सार्वजनिक कर चुके हैं। भाजपा जिस व्यक्ति को ‘सामाजिक कार्यकर्ता’ बता रही है, उस पर 24 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
नगड़ी भूमि विवाद पर झामुमो का बयान
नगड़ी भूमि विवाद को लेकर पांडेय ने कहा कि भाजपा आधे-अधूरे तथ्य रखकर किसानों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण का निर्णय पूर्व की सरकारों ने लिया था, जबकि हेमंत सरकार ने हमेशा संवाद की पहल की और रैयतों की भावनाओं का सम्मान किया है।
भाजपा पर केंद्र के मुद्दों से बचने का आरोप
विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा के पास न ठोस मुद्दा है, न जनादेश। कभी सीबीआई जांच तो कभी भूमि विवाद का सहारा लेकर वह जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने पूछा कि यदि बाबूलाल मरांडी सचमुच आदिवासी हितैषी हैं, तो केंद्र से झारखंड का बकाया खनिज राजस्व, विशेष पैकेज और किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी क्यों नहीं मांगते। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने आरक्षण में एसटी को 28 प्रतिशत, ओबीसी को 27 प्रतिशत और एससी को 12 प्रतिशत देने की पहल की है। भाजपा नेताओं को चाहिए कि वे सकारात्मक सहयोग करें, न कि झूठ की राजनीति।