/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/03/1756921100559-2025-09-03-23-09-33.jpg)
लोहरदगा,रांची वाईबीएन डेस्क :करम पूजा के दिन लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के दोबा बरटोली गांव में माहौल बिगड़ गया। परंपरा के तहत करम डाली की कटाई कर अखड़ा लौट रही टोली जब इमली पेड़ की परिक्रमा करने पहुँची, तो एक समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद हाथापायी शुरू हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रशासन की सक्रियता
घटना की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी संतोष उरांव और थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुँचे। दोनों अधिकारियों ने समझा-बुझाकर विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन तनाव बढ़ने पर सीओ ने पुलिस बल को मोर्चा संभालने का आदेश दिया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
शांति समिति की अनदेखी
स्थानीय स्तर पर पहले हुई शांति समिति की बैठक में तय हुआ था कि दोबा बरटोली गांव में यथास्थिति बनी रहेगी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने करम पूजा के दिन माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया।
सामाजिक परंपरा से जुड़ा मामला
दोबा बरटोली के ग्रामीण हर साल करम पूजा के दौरान परंपरागत रूप से करम डाली की कटाई कर अखड़ा लौटते हैं और इमली पेड़ की परिक्रमा करते हैं। इस बार परिक्रमा के दौरान विवाद बढ़ गया, जिससे धार्मिक-सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका बनी रही।