/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/24/1756031701198-2025-08-24-16-05-47.jpeg)
रांची वाईबीएन डेस्क : रांची के नगड़ी में रविवार को रिम्स-2 निर्माण को लेकर जमकर बवाल हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने खेती की जमीन पर अस्पताल निर्माण का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। भाजपा का आरोप
किसानों की जमीन जबरन ली जा रही
भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकार किसानों की उपजाऊ जमीन को जबरन अधिग्रहित कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन ने “खेत जोतो, रोपा रोपो” आंदोलन का ऐलान किया था। हालांकि प्रशासन ने उन्हें रांची स्थित मोरहाबादी आवास पर नजरबंद कर दिया।
नगड़ी में भारी भीड़, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
नगड़ी में सुबह से ही भारी भीड़ जमा थी। स्थिति बिगड़ने पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने लोगों से लाउडस्पीकर के जरिए हटने की अपील की। लेकिन जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इस दौरान भाजपा नेता रामकुमार पाहन और गंगोत्री कुजूर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
भाजपा नेताओं का बयान
गंगोत्री कुजूर ने कहा कि भाजपा रिम्स-2 के निर्माण के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसे नगड़ी की खेती वाली जमीन पर नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अस्पताल निर्माण के लिए दूसरी जगह तलाश करे। वहीं, रामकुमार पाहन ने कहा कि झामुमो सरकार किसानों और आदिवासियों की जमीन हड़पना चाहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को याद दिलाया कि उनके पिता शिबू सोरेन जल-जंगल-जमीन के लिए संघर्ष करते रहे थे।
चंपई सोरेन नजरबंद, शाम को देंगे बयान
चंपई सोरेन को नजरबंद कर उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात है। उन्होंने कहा है कि शाम चार बजे वह पत्रकारों से बातचीत कर अपना पक्ष रखेंगे।