/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/05/1757070954997-2025-09-05-16-46-14.jpeg)
रांची वाईबीएन डेस्क : रांची पुलिस ने कुरकुरे उर्फ साहिल हत्याकांड में जांच को आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद फैजान अहमद उर्फ लोढ़ा अहमद और अथार तौहीद के रूप में हुई है। इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ अब तक इस मामले में कुल आठ आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ जारी है और उनसे कई अहम जानकारियां मिली हैं।
मुख्य आरोपी समेत छह आरोपी पहले से जेल में
इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें मुख्य आरोपी भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केस से जुड़े सभी आरोपियों को क्रमिक तरीके से पकड़ा जा रहा है ताकि घटना की पूरी साजिश और उसके पीछे के कारण स्पष्ट हो सकें। अब तक की जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी।
मददगारों पर भी कसेगा शिकंजा
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि पुलिस न केवल हत्या में सीधे तौर पर शामिल अपराधियों पर, बल्कि उन्हें पनाह और सहयोग देने वालों पर भी कार्रवाई करेगी। उन्होंने दावा किया कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस पूरे मामले की जांच अंतिम चरण तक पहुंचाई जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से अपराधियों का मनोबल टूटेगा और अपराध पर अंकुश लगेगा। ranchi police dsp kurkure mohammad faijan