Advertisment

नगड़ी में रिम्स-2 विवाद पर हंगामा, प्रशासन ने बनाई अस्थायी जेल, वाटर कैनन तैनात

रांची के नगड़ी में रिम्स-2 परियोजना को लेकर विवाद तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन आज ‘हल जोतो, रोपा रोपो’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों संग जमीन पर हल चलाने वाले हैं।हजारों की भीड़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है और इलाके

author-image
MANISH JHA
1756020411353

रांची वाईबीएन डेस्क : रांची के कांके स्थित नगड़ी में प्रस्तावित रिम्स-2 की जमीन पर आज पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा नेता चंपाई सोरेन ‘हल जोतो, रोपा रोपो’ कार्यक्रम के तहत हल चलाएंगे। इस दौरान हजारों ग्रामीणों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने इलाके में कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग, भारी पुलिस बल की तैनाती और निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

 दो अस्थायी जेल, वाटर कैनन और रबर बुलेट की तैयारी

विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए नगड़ी मौजा और उसके आसपास कुल 15 प्वाइंट पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। बिरसा मुंडा स्टेडियम और प्लस-2 हाई स्कूल कांके में दो अस्थायी जेल बनाए गए हैं। वहीं, वाटर कैनन, रबर बुलेट, वज्र वाहन और फायर टेंडर की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने बताया कि नगड़ी इलाके में 20 अगस्त से अगले दो माह तक धारा 144 लागू रहेगी। रैयतों का दावा और संघर्ष समिति का आंदोलन स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रिम्स-2 के लिए अधिग्रहित जमीन पर लंबे समय से कोई निर्माण नहीं हुआ, ऐसे में जमीन पर उनका स्वाभाविक दावा बनता है। नगड़ी जमीन बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीण आंदोलन की तैयारी में जुटे हैं और आस-पास के किसानों को भी विरोध में शामिल होने का न्योता दिया गया है। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और कांग्रेस नेता बंधु तिर्की भी ग्रामीणों का समर्थन कर चुके हैं। 

रिम्स-2 का सपना विवादों में फंसा

 रिम्स-2 के लिए पहले कांके के सुकुरहुटू में 102 एकड़ जमीन चिन्हित की गई थी, लेकिन विवाद के बाद नगड़ी का चयन हुआ। यहां भी विरोध ने विवाद को गहरा दिया है। प्रस्तावित रिम्स-2 में 700 बेड का अस्पताल और मेडिकल शिक्षा के लिए 100 यूजी व 50 पीजी सीटें शुरू करने की योजना है। लेकिन लगातार बढ़ते विरोध और कानूनी विवाद के चलते इसके निर्माण की राह फिलहाल मुश्किल नजर आ रही है।

Jharkhand Protest
Advertisment
Advertisment