Advertisment

"बाकी सरेंडर करें अन्यथा मारे जाएंगे,"- बोकारो में Naxal Encounter के बाद डीजीपी ने दी चेतावनी

डीजीपी ने नक्सलियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आत्मसमर्पण करें, नहीं तो गोली खाने के लिए तैयार रहें। अब हमारा पूरा फोकस चाईबासा में नक्सलियों को खत्म करने पर रहेगा।

author-image
Jyoti Yadav
एडिट
बाकी सरेंडर करें अन्यथा मारे जाएंगे बोकारो में मुठभेड़ के बाद डीजीपी ने दी चेतावनी 
Listen to this article
0.75x1x1.5x
00:00/ 00:00

रांची/बोकारो, आईएएनएस | बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लुगू पहाड़ी में 21, अप्रैल को सुरक्षा बलों और पुलिस के साथ मुठभेड़ में कुल आठ नक्सली मारे गए हैं। इनमें एक करोड़ का इनामी प्रयाग मांझी उर्फ विवेक, 25 लाख का इनामी अरविंद यादव और 10 लाख रुपए का इनामी साहेब राम मांझी भी शामिल हैं। झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इसे नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सुरक्षा बलों और पुलिस के ऑपरेशन में अब तक की सबसे बड़ी सफलता बताया है।

आत्मसमर्पण करें, नहीं तो...

डीजीपी ने पुलिस हेडक्वार्टर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चाईबासा में पिछले दिन नक्सलियों के हमले में हमारा जवान शहीद हो गया था। सुरक्षा बलों ने उनकी शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया और समाज एवं व्यवस्था के दुश्मन आठ नक्सलियों को एक साथ मार गिराया। उन्होंने नक्सलियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आत्मसमर्पण करें, नहीं तो गोली खाने के लिए तैयार रहें। अब हमारा पूरा फोकस चाईबासा में नक्सलियों को खत्म करने पर रहेगा। बहुत जल्द झारखंड पूरी तरह नक्सलमुक्त हो जाएगा। 

Advertisment

आठ नक्सलियों के शव बरामद किए गए

मुठभेड़ की जानकारी देते हुए डीजीपी ने बताया कि सीआरपीएफ और पुलिस बल की संयुक्त टीम ललपनिया थाना क्षेत्र के लुगू पहाड़ और उसकी तराई वाले जंगली इलाके में अहले सुबह सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। ललपनिया से सटे चोरगांवां के सोसो टोला के पास सुबह चार बजे जंगल में छिपे नक्सलियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। इसके बाद जंगल में सर्च के दौरान आठ नक्सलियों के शव बरामद किए गए। मारे गए नक्सलियों के पास से चार इंसास राइफल, एक एसएलआर और एक रिवॉल्वर बरामद हुए हैं। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

मारा गया एक करोड़ का इनामी नक्सली प्रयाग मांझी उर्फ विवेक मूल रूप से धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के दलबूढ़ा गांव का रहने वाला था। विवेक न सिर्फ पारसनाथ और झुमरा पहाड़ इलाके में सक्रिय था, बल्कि छत्तीसगढ़, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी उसका नेटवर्क फैला हुआ था। उसके खिलाफ सिर्फ गिरिडीह, बोकारो, चाईबासा और धनबाद जिले में 60 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह भाकपा माओवादी संगठन की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था। उसे माओवादी संगठन ने 2023 में पारसनाथ और झुमरा पहाड़ियों की कमान सौंपी थी। 

Advertisment

जया मांझी भी 25 लाख की इनामी थी

विवेक की पत्नी जया मांझी भी 25 लाख की इनामी थी। उसे गिरिडीह पुलिस ने 16 जुलाई 2024 को धनबाद के एक अस्पताल से गिरफ्तार किया था। इसके बाद 21 सितंबर 2024 को रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। झारखंड में इस वर्ष पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में अब तक 13 नक्सली मारे गए हैं। झारखंड पुलिस की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार, वर्ष 2024 में पुलिस ने 244 नक्सलियों को गिरफ्तार किया था, जबकि पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में नौ नक्सली मारे गए। 24 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में चार जोनल कमांडर, एक सब जनरल कमांडर और तीन एरिया कमांडर शामिल थे।

Amit Shah on Naxalism Naxal Encounter Bijapur Chhattisgarh Naxals
Advertisment
Advertisment