/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/12/untitled-design_20250812_154305_0000-2025-08-12-15-43-34.png)
रांची वाईबीएन डेस्क : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव मंगलवार को रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। रांची पहुंचने के बाद अखिलेश यादव सीधे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के पैतृक गांव नेमरा के लिए रवाना हुए। *एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं का उत्साह* रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुबह से ही सपा कार्यकर्ता और समर्थक जुटने लगे थे। जैसे ही अखिलेश यादव बाहर निकले, समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा।
*नेमरा में हेमन्त सोरेन से मुलाकात*
एयरपोर्ट से रवाना होकर अखिलेश यादव नेमरा पहुंचे, जहां उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह मुलाकात राजनीतिक और व्यक्तिगत दोनों ही स्तर पर महत्वपूर्ण रही।
स्थानीय कार्यक्रमों में भी हो सकती है भागीदारी
सूत्रों के अनुसार, अखिलेश यादव अपने झारखंड दौरे के दौरान कुछ स्थानीय कार्यक्रमों में भी भाग ले सकते हैं। हालांकि, उनका विस्तृत कार्यक्रम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके आगमन से पार्टी के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जोश आया है।