/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/17/untitled-design_20250817_224130_0000-2025-08-17-22-42-38.png)
रांची वाईबीएन डेस्क : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर गठित सात सदस्यीय जांच समिति ने रविवार को गोड्डा का दौरा किया। समिति में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक अमित मंडल और अनिता सोरेन शामिल रहे। इस मौके पर भाजपा नेता लॉबिन हेंब्रम भी मौजूद थे।
परिजनों से मुलाकात और विद्यालय का निरीक्षण
समिति ने स्व. सूर्या हांसदा के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इसके बाद उस विद्यालय का भी निरीक्षण किया, जिसे सूर्या हांसदा संचालित करते थे और जिसमें लगभग 350 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।
अर्जुन मुंडा का राज्य सरकार पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि सूर्या हांसदा समाज सेवा और विस्थापितों की समस्याओं को उठाने के कारण कई मुकदमों में फंसाए गए। 14 मामलों में वे बरी हो चुके थे। उन्होंने आरोप लगाया कि 27 मई को दर्ज मुकदमा पूरी तरह झूठा था। उस दिन सूर्या हांसदा अपने बच्चे का जन्मदिन परिवार के साथ मना रहे थे। बिना कोर्ट वारंट पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और षड्यंत्र के तहत एनकाउंटर में मार दिया।
निष्पक्ष जांच और आंदोलन की चेतावनी
मुंडा ने कहा कि पुलिस और जनता के बयान परस्पर विरोधी हैं। पोस्टमार्टम में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने मांग की कि दोबारा पोस्टमार्टम कर हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में निष्पक्ष जांच हो। साथ ही परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। मुंडा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इसपर कदम नहीं उठाया तो भाजपा आंदोलन के लिए बाध्य होगी।