पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी और साथ ही भाजपा पर हमला किया। ममता बनर्जी ने कहा कि देश में भाईचारे और एकता की भावना को बनाए रखना जरूरी है और भाजपा की विभाजनकारी नीतियों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। ईद के मौके पर ममता ने सोशल मीडिया पर देशवासियों के लिए एक संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने सभी को सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। ममता ने कहा कि ईद का पर्व हमें एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है, और हमें इसका पालन करते हुए समाज में सौहार्द बढ़ाना चाहिए।
केंद्र सरकार लोगों को बांटने का कर रही है काम
ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि "भा.ज.पा. की जो विभाजनकारी नीतियां हैं, वो केवल देश को नुकसान पहुंचाती हैं। हम उन्हें सफल नहीं होने देंगे। हमारी ताकत हमारी एकता में है, और हम हर कीमत पर भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखेंगे। सीएम ममता ने आगे कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां केवल लोगों को बांटने का काम कर रही हैं। वे समाज के विभिन्न वर्गों के बीच नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम सब एकजुट रहें और देश के विकास की दिशा में मिलकर काम करें।
बंगाल में सभी समुदाय समान
ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में सभी समुदायों को समान अधिकार और अवसर मिलेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक की भलाई और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है। ममता भाजपा की नीतियों के खिलाफ खड़ी हैं और देश में धर्म, जाति और समुदाय से ऊपर उठकर एकता बनाए रखने की बात कह रही हैं।
पूरो देश है संकट में
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी भाजपा पर कड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों में हमने मिलकर भाजपा को हराया। भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा दावा करती है कि 'हिंदू खतरे में हैं', वहीं उनके सहयोगी कहते हैं कि 'मुसलमान खतरे में हैं', लेकिन सच तो यह है कि उनकी राजनीति के कारण पूरा देश ही संकट में है