Advertisment

Delhi के तिलक नगर में मामूली झगड़े ने ली जान, 40 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

दिल्ली के तिलक नगर में मंगलवार रात 40 वर्षीय पिंटू नामक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। झगड़े के बाद दो लोगों ने पिंटू पर लात-घूंसों से हमला किया। उसे घायल अवस्था में डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

author-image
Ranjana Sharma
Supreme Court   (1)
Listen to this article
0.75x1x1.5x
00:00/ 00:00
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्‍क: राजधानी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में मंगलवार की रात एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जब 40 वर्षीय पिंटू नामक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। यह घटना रात लगभग 9:45 बजे घटी, जिसके बाद घायल अवस्था में पिंटू को दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कहासुनी बदली मारपीट में 

पुलिस के अनुसार पिंटू की दो व्यक्तियों से किसी निजी विवाद या कहासुनी को लेकर झड़प हो गई थी। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने लात-घूंसों और थप्पड़ों से उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, पिंटू गंभीर रूप से घायल हो चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम जिला पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय चश्मदीदों के बयान और अन्य सुरागों के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विचित्र वीर ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

पुल‍िस ने जांच की शुरू

फिलहाल इस मामले में धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना की जड़ में कोई पुरानी रंजिश तो नहीं थी, या यह महज गुस्से और उत्तेजना में लिया गया जानलेवा फैसला था। घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की गश्त बढ़ाने और सार्वजनिक स्थानों पर हिंसक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है। कई लोगों ने इसे कानून-व्यवस्था की विफलता बताया और कहा कि दिल्ली जैसे शहर में दिन-ब-दिन छोटे विवाद जानलेवा बनते जा रहे हैं।
Advertisment
Advertisment