/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/20/FD4lYm5LddvPuxclwiJT.jpg)
UP 112 से जुड़ेगी नई सुरक्षा प्रणाली
राज्य सरकार महिलाओं की यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए एक नई प्रणाली विकसित करने जा रही है। यूपी 112 जल्द ही भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड से महिला यात्रा आपातकालीन सुरक्षा प्रणाली खरीदेगा। जिसे यूपी 112 के सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत सार्वजनिक परिवहन में यात्रा कर रही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और यदि कोई वाहन गलत रास्ते पर जाता है, तो उसे तुरंत ट्रैक किया जा सकेगा।
स्मार्टफोन में डाउनलोड करना होगा एप
राज्य सरकार ने इस अहम परियोजना को मंजूरी दे दी है। सुरक्षा प्रणाली को यूपी 112 से जोड़ने के बाद इसका औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को अपने स्मार्टफोन में एक एप डाउनलोड करना होगा। लॉग-इन करने के बाद ओटीपी जनरेट होगा, जिसे दर्ज करते ही मोबाइल सुरक्षा प्रणाली से जुड़ जाएगा। इसके बाद महिला यात्री अपने गंतव्य की जानकारी एप में फीड कर अपनी यात्रा को सुरक्षित बना सकेंगी।
गलत रास्ते पर जाने पर तुरंत मिलेगा अलर्ट
यदि कोई महिला किसी शहर से दूसरे शहर जाने के लिए टैक्सी बुक करती है और एप में अपनी यात्रा की जानकारी दर्ज करती है, तो यूपी 112 उसकी लोकेशन को लगातार ट्रैक करता रहेगा। यदि वाहन निर्धारित रास्ते से भटकता है, तो यूपी 112 तुरंत अलर्ट जारी करेगा और नजदीकी पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर भेजकर महिला की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इससे पहले महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक परिवहन में पैनिक बटन लगाने की योजना चलाई गई थी। अब इस नई प्रणाली से महिलाओं की यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा।