/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/21/iADtq7mVXYxheGh9Y8Oc.jpeg)
सदन में सपा पर बरसे सीएम योगी Photograph: (Social Media)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को विधानसभा में बजट सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर बरसे। मछलीशहर से सपा विधायक रागिनी सोनकर के आर्थिक मुद्दे पर उठाए गए सवाल का योगी आदित्यनाथ ने जवाब दिया। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने 1 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य रखा है। भारत अब तीन नहीं, पांच ट्रिलियन इकोनॉमी बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने रागिनी सोनकर पर तंज कसते हुए कहा कि आप सदन में इस प्रश्न को लेकर नहीं आई हैं, बल्कि आपको तथ्यों की जानकारी होनी चाहिए।
2027 तक भारत 5 ट्रिलियन इकोनॉमी बनेगा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मैं आपकी पीड़ा समझ सकता हूं। आपके नेता कहते हैं कि भारत कभी विकसित नहीं बन सकता। आप उन्हीं का अनुसरण ही करेंगी। भारत आज दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। 2027 में भारत 5 ट्रिलियन इकोनॉमी वाला देश बनेगा। इसमे कोई संशय नहीं है। हो सकता है कि कुछ लोगों को यह अच्छा नहीं लग रहा होगा, क्योंकि जिनका अपना पर्सनल एजेंडा होता है, वो देश के विकास को स्वीकार नहीं कर पाते।
10 सेक्टर में बांटकर चल रहे कार्यक्रम
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशन में एक विस्तृत कार्यक्रम बढ़ाया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में भी 2022 से 10 सेक्टर में बांटकर कार्यक्रम चल रहे हैं। इसमे मासिक रूप से सीएम डैशबोर्ड में समीक्षा होती है। साथ ही हर तीन महीने मैं भी इसकी समीक्षा करता हूं। इसी का परिणाम है कि जब हमारी सरकार 2017 में आई थी, तब 12 लाख करोड़ की इकोनॉमी थी। इस वित्तीय वर्ष के अंत में साढ़े 27 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था बनकर उभरेगी। यह तब हो रहा है कि दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना के बाद आर्थिक मंदी के दौर से गुजरी थी।
यूपी में 10 साल में 6 करोड़ लोगों को गरीबी से उबारा
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश का ग्रोथ रेट देश में सर्वाधिक अच्छी ग्रोथ रेट है। हमारे 10 सेक्टर मे अवस्थापना औद्योगिक विकास का MSME, आईटी इलेक्ट्रॉनिक है। दूसरा सेक्टर कृषि सेक्टर है। इसमें कृषि से जुड़े सभी संस्थान है। तीसरा सोशल सेक्टर, चौथा नगरीय विकास, 5वां राजस्व कर सेक्टर, शिक्षा सेक्टर, गृह सेक्टर, चिकित्सा स्वास्थ्य सेक्टर, सर्विस सेक्टर टूरिज्म को बढ़ाया जा रहा है। इस देश ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 10 वर्ष में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उबारने का काम किया। इसी तरह उत्तर प्रदेश सरकार ने 10 वर्ष ने छह करोड़ लोगों को गरीबी से उबारा है।
महाकुंभ से यूपी की अर्थव्यवस्था को 3 लाख करोड़ की ग्रोथ
सीएम योगी ने कहा कि अकेले महाकुंभ का आयोजन उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में तीन लाख करोड़ की ग्रोथ करने जा रहा है। महिलाओं को हर सेक्टर में मौका दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के प्रकृति संसाधनों के ओतप्रोत राज्य था। समाजवादी सरकार ने इसको बीमारू बना दिया था। आने वाले समय यह प्रदेश बहुत ऊंचाई पर जाने वाला है। उत्तर प्रदेश ने ग्लोबल इन्वेस्टर समिट किया था। 40 लाख करोड़ के निवेश प्राप्त हुए। उसमें 10 लाख करोड़ के निवेश धरातल पर उतरे। उसके लिए हमने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी भी की थी।
कोरोना काल में लौटे श्रमिकों को MSME से जोड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल मे जब लाखों श्रमिक उत्तर प्रदेश लौटकर आये तो हमने उन्हें MSME से जोड़ा उन्हें उनके स्थान पर ही रोजगार मिला। उत्तरप्रदेश स्थापना दिवस में रोजगार के किये युवाओ को इंट्रेस्ट फ्री लोन दिलाने का काम किया। अब तक इसमें 96 लाख से युवाओ ने आवेदन किया है। आज उत्तर प्रदेश का पैसा उत्तर प्रदेश में ही लग रहा है। यह रिजर्व बैंक की रिपोर्ट है। उत्तर प्रदेश ने सर्वाधिक बैंकों से लेन-देन किया है।
गन्ना किसानों को 10 दिन में भुगतान मिल रहा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह वही प्रदेश है जहां 2017 से पहले किसान आत्महत्या करता है। आज ऐसा नही है। गन्ना किसानों को 10 दिन में भुगतान हो रहा है। उत्तर प्रदेश आज सर्वाधिक एथनाल प्रोडक्शन करने वाला राज्य है। प्रदेश फूड प्रोसेसिंग में पीछे था। आज किसान उन्नत हो रहे हैं। टूरिज़्म मे पिछले वर्ष 65 करोड़ लोग प्रदेश आये थे, जबकि इस वर्ष अकेले महाकुम्भ में 60 करोड़ लोग प्रदेश आये। आज देश दुनिया उत्तर प्रदेश के साथ जुड़ने की ओर है।