deepotsav 2025
छात्र-स्वयंसेवक संचालन में सहयोग करेंगे
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस दौरान छात्र-स्वयंसेवक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के सफल संचालन में सहयोग करेंगे। ये स्वयंसेवक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मानकों के अनुरूप दीयों की सजावट, प्रज्वलन, गिनती और सत्यापन की जिम्मेदारी निभाएंगे। आयोजन के दौरान दीयों की संख्या को सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया तकनीकी व पारदर्शी ढंग से पूरी की जाएगी, ताकि रिकॉर्ड का सफल क्रियान्वयन संभव हो सके।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक मंडल की उपस्थिति
जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या दीपोत्सव-2025 के दौरान गिनीज रिकॉर्ड प्रयासों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन, अवध विश्वविद्यालय और अन्य संस्थाओं के बीच लगातार समन्वय किया जाएगा। कार्यक्रम में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक मंडल की उपस्थिति में प्रक्रिया, साक्ष्यों आदि का मिलान किया जाएगा। रिकॉर्ड की पुष्टि के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पर्यटन मंत्री सहित अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि दीपोत्सव हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को प्रदर्शित करता है। इस वर्ष अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव को पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। अद्भुत झांकियों और मनोरम दृश्यों के साथ विभागीय प्रयास है कि यह आयोजन न केवल देशवासियों, बल्कि दुनियाभर के पर्यटकों के लिए भी एक यादगार अनुभव बने।