Dev Deepawali
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। देव दीपावली के पावन पर्व पर बुधवार शाम को काशी के अर्धचंद्राकार गंगा घाटों पर शाश्वत ज्योति की लौ प्रज्वलित हुई। इस अवसर पर पूरा शहर दिव्यता और भव्यता के अद्भुत संगम में डूब गया। मां गंगा की गोद से निकलती आस्था की सीढ़ियों पर जलते लाखों दीपों की रोशनी ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो स्वर्ग स्वयं धरती पर उतर आया हो।
गोधूलि बेला में उत्तरवाहिनी गंगा की लहरों पर दीपों की सुनहरी आभा झिलमिलाई। ऐसे में काशी की आत्मा एक बार फिर सनातन संस्कृति की उजास से अलौकित हो उठी। देव दीपावली का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पर पहला दीप जलाकर किया। उनके साथ पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी ने भी दीप प्रज्वलित कर मां गंगा को नमन किया। सभी विशिष्ट अतिथियों ने क्रूज पर सवार होकर मां गंगा की आरती के साथ घाटों पर सजी देव दीपावली के अद्भुत नजारे का अवलोकन किया। सीएम योगी को अपने बीच देखकर जनता ने हर-हर महादेव का जयघोष किया। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर काशी की जनता और पर्यटकों का अभिवादन किया। धर्म के साथ राष्ट्रीयता का संदेश देते हुए दशाश्वमेध घाट पर 'अमर जवान ज्योति' की अनुकृति स्थापित की गई।
कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित
दशाश्वमेध घाट पर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देव दीपावली महोत्सव को ऑपरेशन सिंदूर के नाम समर्पित किया गया, जिसमें देश की वीर माताओं के आंचल को नमन किया गया। सरकार द्वारा इस बार 10 लाख दीपों का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन जन सहभागिता से यह संख्या बढ़कर 15 से 25 लाख दीपों तक पहुंच गई। इन दीपों में एक लाख गाय के गोबर से निर्मित पर्यावरण अनुकूल दीप भी शामिल थे।
घाटों, तालाबों, कुंडों और देवालयों पर दीपों की शृंखला ने काशी को सुनहरी माला की तरह सजा दिया। परंपरा के साथ आधुनिकता का संगम चेत सिंह घाट पर दिखा, जहां 25 मिनट का थ्रीडी प्रोजेक्शन मैपिंग शो 'काशी-कथा' प्रस्तुत किया गया। इसमें भगवान शिव-पार्वती विवाह, भगवान विष्णु की चक्र पुष्करिणी, भगवान बुद्ध के उपदेश, कबीर-दास और तुलसीदास की भक्ति परंपरा तथा महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित काशी हिंदू विश्वविद्यालय तक की यात्रा का दृश्य जीवंत किया गया।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/06/06-d3-2025-11-06-07-57-32.png)
/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/06/06-d1-2025-11-06-07-43-35.png)