नागपुर, महाराष्ट्र, वाईबीएन नेटवर्क।
मुगल बादशाह औरंगजेब का पुतला जलाने की घटना के बाद फैली अफवाह के बाद मध्य नागपुर के कई इलाकों में सोमवार की रात को हिंसा भड़कने की सूचना है। अफवाहों के कारण दो गुटों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई, इस दौरान पथराव किया गयाऔर कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। दुकानों आदि में ही तोड़फोड़ की गई है। हिंसा के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार रात शांति की अपील की और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा।
प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज
वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में चार लोग घायल हो गए. पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। सीएम फडणवीस ने एक बयान में कहा कि महल इलाके में पथराव और तनावपूर्ण स्थिति के बाद पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन के साथ सहयोग करने का आग्रह किया।
दो वाहनों को आग केहवाले किया
नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ रविंदर सिंघल ने कहा, "स्थिति नियंत्रण में है। एक तस्वीर जलाई गई थी जिसके बाद लोग जमा हुए और उनके निवेदन पर हमने कार्रवाई की। लोगों का प्रतिनिधिमंडल मुझसे मिलने मेरे ऑफिस भी आया था। हमने FIR दर्ज की है। घटना करीब 8:30 बजे की है। 2 वाहन जलाए गए हैं।"
क्या था मामला
जानकारी के अनुसार, नागपुर में VHP(विश्व हिंदू परिषद) ने आज औरंगजेब का पुतला फूंका। अफवाह फैली कि प्रदर्शनकारियों ने कुरान जलाई है, लेकिन ऐसा नहीं था। इस अफवाह पर दोनों पक्षों में पथराव, कई गाड़ियां तोड़ी, 2 JCB में आग लगाई। पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े।
नागपुर शांति का शहर : सीएम
गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे सीएम फडणवीस ने यह भी कहा कि वह पुलिस के लगातार संपर्क में हैं और उन्होंने पुलिस से लोगों के साथ सहयोग करने को कहाय़ उन्होंने कहा कि नागपुर शांतिपूर्ण शहर है, जहां लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होते हैं. हमेशा से नागपुर की यह परंपरा रही है। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।
गडकरी ने की शांति की अपील
केंद्रीय मंत्री और नागपुर से सांसद नितिन गडकरी ने कहा, "कुछ अफवाहों के कारण नागपुर में धार्मिक तनाव की स्थिति पैदा हुई है। नागपुर शहर का इतिहास ऐसे मामलों में शांति बनाए रखने का रहा है। मैं अपने सभी भाइयों से आग्रह करता हूं कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखें। सड़कों पर न निकलें। कानून व्यवस्था में सहयोग करें। शांति और सद्भाव की परंपरा को बनाए रखें जिसके लिए नागपुर जाना जाता है।
मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि सरकार उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी जिन्होंने गलती की है या अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं। मुख्यमंत्री को पहले ही इस स्थिति के बारे में सूचित किया जा चुका है, इसलिए मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि अफवाहों पर ध्यान न दें। कृपया पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, प्रेम बढ़ाएं और शहर में सकारात्मक माहौल बनाए रखें। यह मेरा आप सभी से विनम्र अनुरोध है।"