कानपुर, वाईबीएन संवाददाता
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता द्वारा समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को लेकर की गई टिप्पणी राजनीति गरमाई है।यूपी समेत कई जगहों पर सपा कार्यकर्ता दिल्ली सीएम के विरोध में सड़को पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे है। कानपुर में भी सपाइयों ने दिल्ली सीएम और महंगाई का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध जताने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने पुतला छीन लिया जिससे पुतला फट गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली सीएम को माफी मांगनी चाहिए।
क्या था मामला, क्यों सपाई नाराज
एक कार्यक्रम के दौरान यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने एक शब्द में निंदनीय शब्दों से संबोधित किया था। उनका बयान आने के बाद पूरे देश में सपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सपाइयों ने दिल्ली सीएम से माफी मांगने की मांग उठाई है।
सपा की महिला विंग ने किया पुतला दहन का प्रयास
कानपुर में सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष अर्चना रावल की अगुवाई में सपा कार्यकर्ताओं ने स्कॉट वर्ल्ड स्कूल के पास दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और मंहगाई का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने पुतला छीन लिया जिससे, पुलिस और सपाइयों के बीच तीखी झड़प भी हुई। सपाइयों ने जमकर नारेबाजी भी की।
बढ़ती महंगाई से जनता त्रस्त, निजी स्कूल भी लूट रहे
महिला सभा की जिलाध्यक्ष अर्चना रावल ने बताया कि दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है उन्हें माफी मांगनी चाहिए।इसके अलावा उन्होंने कहा कि आज आम जनता बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गैस की कीमतों में इजाफा से त्रस्त हो चुकी है। वही निजी स्कूलों में खुली लूट हो रही है लेकिन सरकार कोई लगाम नहीं लगा पा रही। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार ने ख़ुद ही निजी स्कूलों को लुट की छूट दे रखी है।
ये लोग रहे मौजूद
पुतला दहन के दौरान सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष अचना रावल के अलावा पूर्व पार्षद प्रत्याशी पवन पटेल हिन्दुस्तानी, शोभित शर्मा, सुनीता वर्मा,और आशीष तिवारी समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।