पौध को मजबूती देंगे संघ प्रमुख भागवत
कानपुर, सरस वाजपेयी
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत चार दिन के प्रवास पर कानपुर आ रहे हैं। यहां कार्यक्रम के दौरान उनका मकसद संघ की नई पौध को मजबूती देने का रहेगा ताकि बच्चों के बीच संघ की विचारशैली को प्रभावशाली ढंग से रोपकर संघ की विचारधारा को घरों के भीतर तक पहुंचाया जा सके। फिलहाल संघ प्रमुख के 11 से 14 अप्रैल तक कानपुर में प्रवास करने की बात कही जा रही है।
बच्चों के बीच बैठकर टटोलेंगे मन
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े लोगों की मानी जाए तो संघ का मकसद अब किशोर अवस्था के बच्चों के बीच भारतीयता से ओतप्रोत विचारधार के साथ ही सेवा भाव भरने का है ताकि संघ की हर वर्ग की सेवा करने वाली विचारधारा को लंबे समय तक के लिये आम लोगों के बीच भी सुरक्षित किया जा सके। जानकारों का कहना है कि इसी मकसद के चलते शहर में प्रवास के दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत दो क्षेत्र में सांयकाल में लगने वाली एक-एक शाखा में करीब एक घंटे का प्रवास करेंगे। इस दौरान वह बच्चों की एक टोली में बैठकर बच्चों से संवाद कर उनके विचार जानेंगे। इस बात पर भी उनकी नजर रहेगी कि शाखा के दौरान होने वाले बौद्धिक सत्र में बच्चों को किस तरह मानसिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। पूरे समय मंथन के बाद वह कुछ सुझाव भी शाखा प्रमुख को दे सकते हैं।
चार भाग में बंटा है शहर
संघ से जुड़े जानकार लोगों की मानी जाए तो संघ की दृष्टि से कानपुर नगर को चार भागों में बांटा गया है। इसमें एक जिले में संघ का कार्यालय ही आता है जहां संघ प्रमुख शहर में संघ से जुड़े प्रमुख लोगों से संघ की नीतियों के विस्तार के संबंध में चर्चा करेंगे ऐसे में इस भाग में वह किसी शाखा में जाएंगे इसकी संभावना कम है। इसके चलते माना जा रहा है कि वह किसी अन्य भाग में लगने वाली सायंकालीन शाखा में जाकर बाल व किशोर स्वयं सेवकों से संवाद कर सकते हैं।
क्या होती है सायंकालीन शाखा
इन सांयकालीन शाखा में करीब एक घंटा बच्चों को देना पड़ता है, जिसमें शाखा लगाने के साथ ही बच्चों को देशी खेलों की जानकारी दी जाती है ताकि वह शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत हो सकें। खेल के दौरान ही बच्चों को दूसरों की मदद करने की प्रेरणा देने के साथ ही इनमें सेवा का भाव भी भरने का प्रयास किया जाता है। इस शाखा में होने वाले 15 मिनट के बौद्धिक सत्र में बच्चों में देश प्रेम की भावना का संचार करने के साथ ही इन्हें भारत के इतिहास की भी जानकारी कहानियों के माध्यम से दी जाती है।
निराला नगर में चल रहीं तैयारियां
जिस तरह से तैयारियां की जा रही हैं, उससे इस बात का संकेत मिलता है कि प्रवास के दौरान संघ प्रमुख किदवई नगर के निराला नगर में लगने वाली बच्चों की निराला शाखा में भी समय दे सकते हैं। इंदिरा पार्क में करीब दस वर्ष से बच्चों की यह शाखा शाम को लगाई जा रही है, जिसमें बाल स्वयंसेवकों की संख्या सौ के आसपास रहती है। पिछले तीन दिनों से इस पार्क के साथ ही निरालानगर में सफाई का काम काफी तेजी से चल रहा है। क्षेत्र की सड़कों पर लगे खंभों में भी रोशनी के काफी इंतजाम किये जा रहै हैं। शुक्रवार की शाम को भी संघ से जुड़े कई जिम्मेदार पार्क में पहुंचे और यहां मौजूद स्वयंसेवकों तथा अन्य प्रमुख लोगों से बात की लेकिन इन्होंने फिलहाल संघ प्रमुख के अधिकृत कार्यक्रम की पूरी जानकारी होने से इंकार किया है।