नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। हमने अब तक इंसानों की शादियों में खूब शोर-शराबा और धूमधाम देखी है, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुस्करा कस्बे में बुधवार को जो नजारा देखने को मिला, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक डॉगी की शादी धूमधाम के साथ कराई गई, जो चर्चा का विषय बन गई है। डॉगी की शादी किसी आम आयोजन की तरह नहीं, बल्कि पूरे रीति रिवाजों के साथ कराई गई। दूल्हा बना डॉगी गाजे-बाजे के साथ बारात लेकर निकला।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/12/TrxFFAG8aF92MWPVvLDe.jpg)
ढाई सौ लोगों के साथ डॉगी की बारात
इस खास मौके पर गांव की गलियां बारातियों से भर गईं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग जमकर झूमे और डीजे की धुन पर बारातियों ने ठुमके लगाए। करीब ढाई सौ बाराती गाड़ियों में सवार होकर दूल्हा डॉगी सेवानंद के साथ गोहांड ब्लॉक के मुसाही गांव रवाना हुए, जहां उसकी ‘दुल्हन’ विचित्र कुमारी पहले से उसका इंतज़ार कर रही थी। यह शादी चर्चा का विषय बन गई है।
शादी के पीछे की कहानी है दिलचस्प
इस शादी के पीछे की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। छानी बांध गांव के नहर किनारे स्थित श्री श्री 1008 संतोषानंद महाराज बाल जोगी नागाजी (जूना अखाड़ा) के आश्रम में देशी नस्ल के इस डॉगी सेवानंद का पालन-पोषण हुआ है। संतोषानंद ने सेवानंद को न सिर्फ एक पालतू जानवर, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह पाला है। उन्होंने उसे इंसानों की तरह प्यार और देखभाल दी, और अब उसका विवाह कर 'परिवार के मुखिया' होने का दायित्व भी निभा लिया।
कौन है दुल्हनिया?
डॉगी सेवानंद की शादी विचित्र कुमारी से हुई है। दुल्हन विचित्र कुमारी, संतोषानंद महाराज की पालतू कुतिया है, जो मुसाही मौजा में रहती है। दोनों की शादी एक प्रतीकात्मक आयोजन थी। संतोषानंद महाराज का कहना है, "सेवानंद हमारे बेटे जैसा है। उसकी शादी कर मैंने अपने दायित्व पूरे किए हैं। हम सभी जीवों को बराबर सम्मान देना चाहिए।" गांव वालों ने भी इस आयोजन में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी के चेहरे पर मुस्कान थी और सब डॉगी की शादी का जश्न मना रहे थे। Anokhi Shaadi | trending news | up news