/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/01/QSdHm3XZUVUHdYnqfSgc.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और भाजपा के संगठनात्मक चुनाव पर्यवेक्षक नरेंद्र कश्यप की मौजूदगी में भाजपा के बरेली और आंवला के नए जिला अध्यक्ष के अलावा बरेली महानगर अध्यक्ष पद पर भी नाम की घोषणा आज जीआईसी के ऑडिटोरियम में होगी। इसके चलते भाजपा जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद के दावेदारों में हलचल तेज हो गई है। दावेदारों ने एक दूसरे की काट के लिए फोन घनघनाना शुरू कर दिया है। नामों की घोषणा से पहले प्रत्येक दावेदार ने जिला और महानगर अध्यक्ष बनने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। हालांकि जिला और महानगर अध्यक्ष पद की सूची पहले ही फाइनल हो चुकी है। इसलिए इसमें बहुत फेरबदल की गुंजाइश नहीं है।
बरेली भाजपा जिला अध्यक्ष पद पर जल्द होगा बड़ा ऐलान
बरेली भाजपा जिला अध्यक्ष पद पर दो दर्जन से ज्यादा दावेदारों ने आवेदन कर रखे हैं। इनमे पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, पिछड़े वर्ग के नेता सोमपाल शर्मा और आरएसएस से जुड़े संजीव शर्मा तगड़े दावेदार शामिल हैं। इनमे से किसी एक की जिला अध्यक्ष पद पर ताजपोशी हो सकती है। निवर्तमान जिला अध्यक्ष पवन शर्मा की दावेदारी कमजोर है। आंवला में आदेश प्रताप सिंह की इस बार भी तगड़ी दावेदारी है। हालांकि यहां राजनीतिक समीकरण उनके पक्ष में नहीं है। आदेश प्रताप सिंह के कार्यकाल में भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप लोकसभा का चुनाव हार चुके हैं। दूसरी बात आदेश प्रताप सिंह की जनता में पकड़ न के बराबर है। यही समीकरण उनके खिलाफ़ जा सकता है। वैसे, पार्टी के विधायक और कुछ अन्य नेता आदेश प्रताप सिंह की अंदरखाने पैरवी में लगे हैं।
इसे भी पढ़ें-जानिए...पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष पूरनलाल लोधी किस संगठन के बने प्रदेश महामंत्री
बरेली महानगर अध्यक्ष पद की दौड़ हुई रोमांचक, कई दावेदार मैदान में
बरेली महानगर अध्यक्ष पद पर भी दर्जनों कार्यकर्ताओं की दावेदारी है। मगर, निवर्तमान अध्यक्ष अधीर सक्सेना की दोबारा ताजपोशी हो सकती है। इनकी पैरवी भाजपा के कुछ बड़े नेताओं ने भी की है। इसलिए इनकी तगड़ी दावेदारी है। इनके अलावा महानगर अध्यक्ष पद पर कुछ अन्य नेताओं के बीच तगड़ी दावेदारी है। उनके नाम की घोषणा से भी इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल सभी दावेदारों की नजर आज दोपहर बाद 2:00 बजे बरेली के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप की होने वाली घोषणा पर टिकी है।