/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/04/S7spLY0Ggc9IqEqzSYlZ.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के मगनापुर गांव में एक महिला को भगाकर ले जाने पर 12 साल पहले बनी रंजिश में एक और जान चली गई। होली से एक दिन पहले जेल से जमानत पर छूटकर युवक की विरोधी पक्ष के लोगों ने फरसे से काटकर हत्या कर दी।
चौकीदार की हत्या के बाद और गहराई रंजिश
बरेली जिले के बिथरी चैनपुर इलाके के गांव मगनापुर निवासी चौकीदार पन्नालाल का लड़का ख्यालीराम 12 साल पहले उसी गांव के धर्मवीर की पत्नी को भगाकर ले गया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश बन गई। इस घटना के करीब एक महीने बाद में पन्नालाल की फरसे से हमलाकर हत्या कर दी गई थी। चौकीदार पन्नालाल की हत्या के आरोप में धर्मवीर, उसका भाई मुरारी, अन्ना और धर्मवीर का साथी उसी गांव में रहने वाला अरविंद जेल गए थे। उनके खिलाफ कई साल तक मुकदमा चला, लेकिन साक्ष्यों के अभाव में अदालत ने चारों आरोपियों को बरी कर दिया था, लेकिन दोनों परिवारों के बीच रंजिश और गहरी हो गई।
ठिरिया निजावत खां जाते समय रास्ते में घेरकर किया हमला
कुछ दिन पहले पुलिस ने चोरी के आरोप में धर्मवीर को जेल भेजा था। होली से एक दिन पहले गुरुवार को वह जमानत पर जेल से छूटकर आया था। बताते हैं कि बृहस्पतिवार शाम को करीब सात बजे घर में खाना खाने के बाद धर्मवीर ठिरिया निजावत खां जा रहा था। गांव के बाहर रसुईया से रजऊ जाने वाले रास्ते पर बने मंदिर के पास उसे विरोध पक्ष के लोगों ने घेरकर फरसे से हमला कर दिया।
इसे भी पढ़ें-बिथरी सीएचसी में फार्मासिस्ट की शर्मनाक करतूत, जिसे देख पूरा अस्पताल हो गया शर्मिंदा
मृतक के छोटे भाई को भी मार देना चाहते थे हमलावर
धर्मवीर की चीख सुनकर छोटा भाई नेमचंद उर्फ टुंडी दौड़कर मौके पर पहुंचा। उसे देखते ही विरोधी पक्ष के लोगों ने टुंडी पर भी हमला कर दिया। हमलावर उसे भी मार देना चाहते थे, लेकिन वह किसी तरह बचकर भाग लिया। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, एएसपी देवेंद्र कुमार और बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी मौके पर जा पहुंचे। मगर तब तक धर्मवीर की मौत हो चुकी थी।
एफआईआर में पांच लोग नामजद, आरोपियों में दो महिलाएं शामिल
मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने घायल टुंडी को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया। पुलिस ने इस मामले में ख्यालीराम, उसके भाई, चाचा प्रेमशंकर और उसी परिवार की दो महिलाओं को नामजद किया है। दो महिलाओं को हिरासत में भी लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।