/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/24/anMmUP6dTRa2kMhvoB63.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
भारत सरकार द्वारा संचालित सघन टी.बी. जाँच अभियान के तहत मंडल चिकित्सालय, पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग के नेतृत्व में विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर आधारित व्याख्यान एवं जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षय रोग की समय पर पहचान, रोकथाम और उन्नत उपचार पद्धतियों की जानकारी प्रदान करना था। जिससे लोगों में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
टी.बी. जागरूकता अभियान को मिल रही निरंतर गति
इस अभियान के तहत मंडल चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य इकाइयों में समय-समय पर मल्टी-पर्पस स्वास्थ्य एवं क्षय रोग जाँच शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिससे सघन टी.बी. जाँच अभियान को निरंतर गति दी जा रही है। इसी क्रम में रेलवे चिकित्सालय में उपचार के लिए आने वाले रेल कर्मियों एवं उनके परिजनों को क्षय रोग की पहचान, प्रसार की रोकथाम एवं प्रभावी उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक जानकारी प्रदान की गई, ताकि इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस संगोष्ठी में डॉ. आशुतोष शंखधर, डॉ. सचिन श्रीवास्तव, डॉ. गाबा, डॉ. नेहा सक्सेना, डॉ. प्राची वर्मा, डॉ. विनिथा और डॉ. विदुषी सहित अन्य चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ तथा चिकित्सालय में उपस्थित अंतःरंग एवं बहिरंग विभाग के रोगी एवं उनके परिजन सक्रिय रूप से शामिल रहे।