/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/20/kycLsiCyOvQ3FVKB6Jry.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
एसआरएमएस रिद्धिमा में रविवार (20 अप्रैल 2025) शाम नाटक टेरेरिस्ट की प्रेमिका का मंचन हुआ। पाली भूपेंद्र सिंह द्वारा लिखित और विनायक कुमार श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित यह नाटक पुलिस अधिकारी, उसकी पत्नी और टेरेरिस्ट के मंचन पर फोकस रहा। पहाड़ी इलाके में बने सरकारी बंगले में डीएसपी देवराज सिंह और उसकी पत्नी अनीता रहते है। एक दिन देवराज के आफिस जाने के बाद एक अजनबी उसके घर आता है।
टेरेरिस्ट का खुलासा: "मैं देवराज को मारने आया हूँ" – अनीता स्तब्ध
वह उसकी पत्नी अनीता को बताता है कि वो टेरेरिस्ट है और देवराज को मारने आया है। ये सुन अनीता घबरा जाती है। वह देवराज को मारने का कारण पूछती है। टेरेरिस्ट बताता है देवराज ने उसकी प्रेमिका नीलू की हत्या की। उसे मारने पीटने के बाद बलात्कार किया और पंखे पर लटका दिया। उसी का बदला लेने के लिए वह देवराज की हत्या करने आया है। अनीता उससे देवराज की हत्या न करने की मिन्नतें करती है, लेकिन टेरेरिस्ट बताता है कि देवराज ने उसकी प्रेमिका की हत्या करने के साथ इनकाउंटर में भी उन्नीस वर्षीय लड़के की हत्या की है। वो लड़का पांच बहनों का अकेला भाई था। उसकी विधवा मां भी है। देवराज ने निर्दोष लड़के का इनकाउंटर सिर्फ अपने प्रमोशन के लिए किया। धीरे धीरे अनीता को टेरेरिस्ट की बातों पर विश्वास हो जाता है। वो अपने पति दोषी मानने लगती है। दूसरी तरफ टेरेरिस्ट अनीता के व्यवहार से बहुत इम्प्रेस होता है।
देवराज का अनीता पर शक बना नाटक का टर्निंग पॉइंट
वह देवराज की हत्या किए बिना चला जाता है। नाटक का दृश्य बदलता है। अब देवराज और अनीता सामने होते हैं। देवराज अपनी अनीता पर शक करता है। वो मानता है कि अनीता टेरेरिस्ट को पहले से जानती है। यही सोच कर देवराज अनीता पर अत्याचार शुरू करता है। मानसिक और शारीरिक शोषण के साथ उसको प्रताड़ित करता है। देवराज बताता है कि उसने टेरेरिस्ट की प्रेमिका को किस तरह प्रताड़ित किया। उसका बलात्कार कर पंखे पर लटका कर हत्या की। देवराज अनिता को भी उसी तरह बलात्कार कर हत्या की धमकी देता है। अनीता को मानसिक आघात लगता है। वह देवराज को असली टेरेरिस्ट मानती है। दूध में जहर देकर हत्या कर देती है। नाटक में देवराज का मुख्य पात्र पंकज कुकरेती ने निभाया। टेरेरिस्ट के किरदार में सौरभ रस्तोगी और अनीता की भूमिका में शाहजीन खान मंच पर आईं। सूर्य प्रकाश ने खैराती लाल की भूमिका निभाई।
नाटक में अनुग्रह सिंह, सूर्यकांत चौधरी और विशेष कुमार ने संगीत दिया। गायक स्नेहाशीष दुबे और प्रियंका ग्वाल ने पार्श्व गायन किया। प्रकाश संचालन जसवंत सिंह ने और साउंड संचालन की जिम्मेदारी हर्ष ने निभाई। इस अवसर पर एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक व चेयरमैन देव मूर्ति, आशा मूर्ति, आदित्य मूर्ति, ऋचा मूर्ति, सुभाष मेहरा, डा. एमएस बुटोला, डा. प्रभाकर गुप्ता, डा. अनुज कुमार, डा. शैलेश सक्सेना, डा. रीटा शर्मा सहित शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़ें-एसपी साउथ अंशिका वर्मा को मिला ब्रेवरी अवार्ड विशेष श्रेणी पुरस्कार