/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/12/TiofvDzVJgh5KZ8tU9cx.jpg)
बरेली, वाईबीएन संवाददाता
बरेली। नकटिया स्थित आठवीं वाहिनी पीएसी के मैदान में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती दौड़ परीक्षा चल रही है। 10 से 15 फरवरी तक चलने वाली दौड़ परीक्षा में करीब 14 हजार अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। बुधवार को हुई दौड़ में 6 अभ्यर्थियों के गिरने से पैर में फ्रेक्चर हो गया। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में बदायूं के तीन, बरेली, शिकोहाबाद और फिरोजाबाद का एक-एक अभ्यर्थी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- पुलिस भर्ती दौड़ परीक्षा : दौड़ते वक्त टूटा बदायूं के अभ्यर्थी का पैर
बताते हैं कि बदायूं के थाना बिसौली क्षेत्र के गांव परसिया निवासी 25 वर्षीय रामलखन पुत्र भगवानदास सिंह पीएसी के मैदान में दौड़ लगा रहे थे। 12वां राउंड चल रहा था। तभी अचानक रामलखन गिर गए और उनके पैर में फ्रेक्चर हो गया। रामलखन को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजकर भर्ती कराया गया।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/12/NVnIbZg6ks1Gq2gLmYhD.jpg)
इसके अलावा बदायूं के थाना बिसौली के गांव धनुपुरा निवासी 22 वर्षीय विशेष कुमार पुत्र अनीश पाल सिंह दौड़ते वक्त 9वें राउंड में अचानक गिर गए और उनके पैर में फ्रेक्चर हो गया। बदायूं के ही थाना बिसौली के गांव नूरपुर निवासी 27 वर्षीय मुरारी लाल पुत्र अगन लाल का 11वें राउंड में गिरने से पैर में फ्रेक्चर हो गया।
वहीं बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव डूंडा सुनाली निवासी विपिन पुत्र घनश्याम का 11वें राउंड में गिरने से पैर टूट गया। इसके अलावा जिला शिकोहाबाद के नगला बातू निवासी 27 वर्षीय हरेंद्र पुत्र नाहर सिंह और फिरोजाबाद के चंदा मार्केट निवासी 24 वर्षीय पंकज पुत्र भूपसिंह का दौड़ के दौरान गिरने से पैर टूट गया।
पहले दिन दो और दूसरे दिन एक अभ्यर्थी का टूटा था पैर
पुलिस भर्ती परीक्षा में दौड़ते वक्त पहले दिन बरेली की रहने वाली दो महिला अभ्यर्थियों दीक्षा मौर्य और शिवि का पैर टूट गया था। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि दीक्षा ने सभी राउंड पूरे कर लिए थे। फिनिशिंग लाइन पार करने के बाद उन्हें पैर में दर्द का एहसास हुआ तो उन्हें अस्पताल भेजा गया। जहां पैर में फ्रेक्चर होने की बात पता चली। वहीं दूसरे दिन बदायूं के रहने वाले अभ्यर्थी शक्ति सिंह का पैर टूट गया था। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।