/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/02/TOqon1Y1AA2mdUXuVkw6.jpg)
Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दुल्हन ने शादी से पहले दूल्हे को मारने के लिए सुपारी दे दी। दोनों की सगाई हो चुकी थी। शादी की तैयारियां थीं। इसके पहले प्री-वेडिंग शूट भी हो चुका था, लेकिन दुल्हन को दूल्हा पसंद नहीं आया, जिसके चलते उसने खौफनाक प्लान बनाया।
पसंद नहीं आया दूल्हा तो रची हत्या की साजिश
जानकारी के मुताबिक, यह मामला पुणे का है। अहिल्यानगर के श्रीगोंडा तालुका में रहने वाली मयूरी की शादी सागर जयसिंह कदम से तय हुई थी। परिवार की रजामंदी से दोनों की सगाई धूमधाम से की गई थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इस बीच मयूरी का दिल बदल गया। मयूरी सागर कदम से शादी नहीं करना चाहती थी, इसलिए उसने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
1.50 लाख में मंगेतर को मारने की साजिश
शादी से बचने के लिए मयूरी ने अपने एक दोस्त संदीप गावड़े के साथ मिलकर सागर को मारने का प्लान बनाया। इसके लिए मयूरी ने एक सुपारी किलर हायर किया। मंगेतर सागर जयसिंह कदम की हत्या के लिए मयूरी ने 1.50 लाख की सुपारी दी। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की गई है। दूल्हे की हत्या की साजिश करने वाली दुल्हन मयूरी फरार है।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
सागर एक होटल में खाने बनाने का काम करता है। 27 फरवरी के दिन वह होटल से काम करके घर लौट रहा था। इसी दौरान उसके ऊपर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने सागर के साथ बुरी तरह मारपीट की। मारपीट करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मारपीट से सागर बुरी तरह घायल हो गया। जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सारा राज उगल दिया, जिसके बाद सारे मामले का खुलासा हुआ।