/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/17/jjVywGdfHimJJvMsPGfI.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अभी लाजपत नगर में मां-बेटे की हत्या का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक और दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई है। दिल्ली के सिविल लाइंस में डबल मर्डर केस का मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
महिला और मासूम बच्ची की हत्या
दिल्ली के सिविल लाइन्स में एक 22 वर्षीय महिला और 6 वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला के घर में घुसकर दोनों का कत्ल किया। बताया जा रहा है कि बच्ची महिला की सहेली की बेटी थी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
प्रेमी ने की हत्या
मृतका की पहचान 22 वर्षीय सोनल और 6 महीने की यशिका के रूप में हुई है। हत्या का शक सोनल के प्रेमी पर है। बताया जा रहा है कि सोनल और उसके प्रेमी के बीच आपस में झगड़ा हुआ था। इसी की सनक में उसने सोनल पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली।
6 साल की मासूम यशिका की हत्या
जानकारी के मुताबिक, सोनल उत्तरारखंड की रहने वाली है। यशिका की मां रश्मी, सोनल की सहेली थी। रश्मी अपनी दूसरी बेटी को स्कूल लेने के लिए गई थी, तो 6 वर्षीय यशिका को सोनल के पास छोड़ दिया। इसी दौरान आरोपी सोनल के घर में घुसा और सोनल के साथ-साथ यशिका की भी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान और मामले की जांच की जा रही है।
नौकर ने की थी मां-बेटे की हत्या
गौरतलब है कि कुछ समय पहले दिल्ली के लाजपत नगर में दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया था। एक महिला और उसके बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। महिला के नौकर मुकेश पासवान ने ही मां-बेटे की हत्या की थी। महिला ने मुकेश को नौकरी से निकालने की धमकी दी थी, इसी से नाराज मुकेश ने हत्या का प्लान बनाया और चाकू से गोदकर मां-बेटे को मौत के घाट उतार दिया। crime news | delhi news | murder