चंपारण, वाईबीएन नेटवर्क।
बिहार के मोतीहारी में सनसनीखेज वारदात सामने आयी है। चकिया थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। पिता की दूसरी शादी से खफा बच्चों ने पिता और सौतेली मां को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक का शव घर के दरवाजे के पास मिला है, वहीं महिला का शव मक्के के खेत से बरामद किया गया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बेटा, बहू और बहन गिरफ्तार
घटना चकिया थाना क्षेत्र के हताहरपुर की है। मृतक की पहचान भगवान शाह (52) और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। दंपति की हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी मची हुई है। हत्या का आरोप मृतक के बेटे, बहू और बहन के ऊपर है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के बेटे अभिषेक कुमार, अभिषेक की पत्नी और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दूसरी शादी से नाराज थे परिजन
जानकारी के मुताबिक, भगवान शाही की पहली पत्नी की मौत दो साल पहले हो गई थी। जिसके बाद उसने दूसरी शादी की थी। भगवान शाह ने करीब 6-7 महीने पहले दूसरी शादी की थी। लेकिन उसका दूसरी शादी करना घरवालों को रास नहीं आया। इसे लेकर घर में आये दिन विवाद होता था। बुधवार की रात को घरवालों ने मिलकर भगवान शाह और उसकी दूसरी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपियों ने बैट और बांस के डंडों से दोनों की बुरी तरह पिटाई की, जिसके बाद दोनों ने दम तोड़ दिया।
शव जलाने की फिराक में थे
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी मृतकों के शव को जलाने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले किसी ने पुलिस को इस मामले की सूचना दे दी। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या का प्राथमिक कारण सौतेली मां और पिता की दूसरी शादी से नाराजगी है। इस मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है।