नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Murder Case: पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आयी है। विवेक विहार इलाके के एक फ्लैट में 35 वर्षीय महिला का शव मिला है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच में जुट गई है।
बेड बॉक्स में मिली सड़ी-गली लाश
घटना का खुलासा शनिवार, 29 मार्च 2025 को सुबह करीब 5 बजे हुआ। फ्लैट से बदबू आने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद था। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई। फ्लैट के अंदर जो दिखा, उसे देख सब हैरान रह गए। दरवाजे के पास खून के निशान थे। बदबू का पीछा करते हुए पुलिस बेड बॉक्स के पास पहुंची। बेड बॉक्स के भीतर से महिला का शव बरामद किया गया है।
कंबल में लिपटी मिली लाश
बेड बॉक्स के भीतर एक बैग के अंदर लाश मिली है। लाश कंबल में लिपटी हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या की गई है। फिलहाल मृतिका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस छानबीन में जुटी है। महिला के हाथ में चूड़ियां थीं। वह शादीशुदा बताई जा रही है। ऐसे में शक की सुई महिला के पति के ऊपर भी है। पुलिस ने फ्लैट के मालिक विवेकानंद मिश्रा को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने क्या कहा?
शाहदरा जिले की अतिरिक्त डीसीपी नेहा यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हमें सुबह 4:37 बजे एक कॉल मिली थी कि सत्यम एनक्लेव, झिलमिल कॉलोनी के एक डीडीए फ्लैट से बदबू आ रही है। मौके पर पहुंचने पर हमें घर के अंदर बेड के बॉक्स में महिला का शव मिला। मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
हर एंगल से हो रही जांच
महिला की हत्या की खबर सामने आने के बाद इलाके में सनसनी मच गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। मकान मालिक के अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। महिला के फ्लैट में आखिरी बार कौन आया था, इसकी भी जांच की जा रही है। हत्या की वजह पारिवारिक विवाद है या कुछ और? इन तमाम पहलुओं पर जांच की जा रही है।