भोपाल, वाईबीएन नेटवर्क।
महाशिवरात्रि के मौके पर बागेश्वर धाम में भव्य सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम पहुंचीं हैं। बागेश्वर धाम में 251 जोड़ों का सामूहिक महोत्सव हो रहा है, इसी में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची हैं। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रपति ने महिला विकास पर बल देने पर जोर दिया।
राष्ट्रपति ने बालाजी धाम में की पूजा-अर्चना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हेलीकॉप्टर से बागेश्वर धाम पहुंचीं। उनकी सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। राष्ट्रपति मुर्मू ने बागेश्वर धाम स्थित बालाजी मंदिर के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचीं।
यह भी पढ़ें: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए Bhopal दुल्हन की तरह सज-धज कर तैयार
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी जोड़ों को बधाई दी और पंडित धीरेंद्र शास्त्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि विवाहित जोड़ों को गृहस्थी के सामान के साथ-साथ स्वाबलंबी बनाने के लिए आटा चक्की और सिलाई मशीन भी दी जा रही है। हमने एक विकसित देश बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि आज जब हमारा देश महिला-विकास से महिला-नेतृत्व विकास की ओर अग्रसर है तब समाज के सभी लोगों का कर्तव्य बनता है कि वे बेटियों और बहनों को सबल और सक्षम बनाने में अपना योगदान दें।
धीरेंद्र शास्त्री करा रहे भव्य समारोह
बागेश्वर धाम में 9 राज्यों की 251 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जा रहा है। 3 लाख वर्गफीट में टेंट लगाया गया है और करीब 15 एकड़ जगह में शादी के मंडप और भंडारे की व्यवस्था की गई है। बता दें कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हर साल सामूहिक विवाह करवाते हैं। बागेश्वर धाम में सामूहिक विवाह समारोह में सिंगर सोनू निगम, क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा, आरपी सिंह और एक्टर पुनीत वशिष्ठ भी शामिल होंगे। इसके साथ ही द ग्रेट खली भी समारोह में शामिल हो रहे हैं। जगद्गुरु रामभद्राचार्य, अयोध्या के रामदिने आचार्य महाराज, चिन्मयानंद बापूजी महाराज और गोपालमणि महाराज भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: Bhopal DM का आदेश, सार्वजनिक स्थानों पर भीख मांगना पूरी तरह प्रतिबंधित