रोहतक, वाईबीएन नेटवर्क।
हरियाणा पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल हत्याकांड में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। रोहतक पुलिस की चार टीमें रविवार से ही हत्यारोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही थीं। हरियाणा पुलिस ने हिमानी नरवाल हत्याकांड की जांच के एसआईटी का गठन किया है। बता दें कि हिमानी का शव शनिवार को रोहतक में बस स्टैंड के पास एक सूटकेस में मिला था। हिमानी के हाथों में मेहंदी लगी मिली है। कांग्रेस महासचिव कुमार सैलजा ने नरवाल की नृशंस हत्या पर एक महिला की सुरक्षा पर ही सवाल नहीं उठाती बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था की पोल भी खोलती है।
'चुनाव और पार्टी ने बेटी की जान ले ली'
हिमानी नरवाल की मां सविता ने आरोप लगाते हुए कहा, "चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली। इस वजह से उसने कुछ दुश्मन बना लिए। ये पार्टी से भी हो सकते हैं, उसके दोस्त भी हो सकते हैं। 28 फरवरी को वह घर पर थी। हमें पुलिस स्टेशन से फोन आया, जिसके बाद हमें इसकी जानकारी मिली। मेरी बेटी आशा हुड्डा के बहुत करीब थी, जब तक उसे न्याय नहीं मिल जाता, मैं उसका अंतिम संस्कार नहीं करूंगी।"
भाई की हत्या, पिता ने की आत्महत्या
हिमानी नरवाल के पारिवारिक जीवन को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। हिमानी के पिता ने कई साल पहले सुसाइड किया था। वहीं कुछ साल पहले हिमानी के भाई की हत्या भी कर दी गई थी। अब ये सवाल उठ रहा है कि हिमानी नरवाल हत्याकांड का संबंध उनके पिता और भाई की मौत से तो नहीं है। हिमानी की मां ने कहा कि मेरे बड़े बेटे की 2011 में हत्या कर दी गई और हमें कभी न्याय नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: बंद सूटकेस में मिली कांग्रेस कार्यकर्ता Himani Narwal की लाश, हत्या से देशभर में मची सनसननी
पार्टी से निराश थीं हिमानी नरवाल
हिमानी की मां ने खुलासा करते हुए कहा, "चुनाव के बाद हिमानी पार्टी से थोड़ा निराश हो गई थी। उसने कहा कि उसे नौकरी चाहिए और वह पार्टी के लिए ज्यादा काम नहीं करना चाहती। वह पिछले 10 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी। वह शादी करने के लिए भी राजी हो गई थी।" सविता नरवाल ने कहा कि मैंने खुद सुबह आशा हुड्डा को फोन किया था, लेकिन मेरा फोन रिसीव नहीं हुआ। हिमानी की मां का कहना है कि वह भूपिंदर सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा के बेहद करीब थी।
भूपेंंद्र हुड्डा ने क्या कहा?
इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "उसका शव अभी शवगृह में है। कांग्रेस कार्यकर्ता वहां गए हैं। स्थानीय विधायक के सहयोगी वहां गए हैं। स्थानीय विधायक भारत भूषण बत्रा उनसे मिलने जाएंगे, वे संपर्क में हैं। हमने जांच की मांग की है और कहा है कि दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। चाहे वह पार्टी का कोई व्यक्ति था या बाहर का, यह जांच से ही पता चलेगा।" वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और एसआईटी का गठन विशेष जांच की मांग की है।
कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी की हत्या से हड़कंप
आपको बता दें कि कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के मामले ने देशभर में सनसनी मचा दी है। बंद सूटकेस में हिमानी की लाश मिली है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है। हत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: हत्या से पहले ऊंचाईयां छू रहीं थीं 'Himani Narwal', जानिए कैसे शुरू हुआ था सियासी सफर